देवनानी को जन सुनवाई में मिली क्षेत्र की कई समस्याएं

– पेयजल हेतु पाईप लाईन, सीवरेज लाईन, सड़क-नाली निर्माण, पट्टे आंवटन, पुलिया अवरूद्ध होने से बारिश का पानी भरने जैसी समस्याऐं प्राप्त हुई क्षेत्रवासियों से
अजमेर, 28 जुलाई। विधायक अजमेर उत्तर वासुदेव देवनानी ने कल 28 जुलाई को अपने निवास स्थान पर जन सुनवाई कर क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुना तथा सम्बंधित विभाग के अधिकारियों से बात कर उनका प्राथमिकता से समाधान किये जाने के निर्देश दिये।
देवनानी ने बताया कि ज्ञान विहार काॅलोनी के क्षेत्रवासियों ने काॅलोनी के पिछले आधे हिस्से में निवास कर रहे करीब 200 परिवारों को पाईप लाईन छोटी होने से अपर्याप्त आपूर्ति प्राप्त होने की समस्या बताई तथा रिजनल काॅलेज के सामने स्थित सूर्यानगरी के निवासियों ने भी गली नं . 2 में पाईप लाईन बिछवाये जाने की मांग की।
इसके अतिरिक्त सूर्यानगरी में सीवरेज लाईन डाले जाने की मांग भी क्षेत्रवासियों ने की। सीवरेज के अभाव तथा नालियों से गन्दे पानी की निकासी नहीं होने से क्षेत्र में प्रदूषण फैलने की शिकायत उन्होंने की तथा क्षेत्र की गली नं. 1 व 2 में सड़क निर्माण कराये जाने की मांग की।
इसी प्रकार स्टेशन रोड़ व्यापारिक संघ के अध्यक्ष बालेशगोहिल ने अंधेरी पुलिया का निर्माण कराने के लिए सड़क खोदे जाने से रोड़ पर वन-वे की व्यवस्था से उत्पन्न समस्या के बारे में बताते हुए मांग की कि सड़क पर स्थित डिवाईडर से कुछ मीटर की दूरी तक रेलिंग हटवाकर यातायात को विभाजित किये जाने से व्यापारियों को राहत मिल सकेगी।
इसके अतिरिक्त ज्योति नगर, मोची मौहल्ला के क्षेत्रवासियों ने पट्टे दिलाने की मांग करते हुए कहा कि वे क्षेत्र में 20 से 40 वर्ष से निवास कर रहे है। लगभग 200 परिवारों को पट्टे नहीं मिले है जबकि आस-पास के क्षेत्रों लोगों को पहले से ही पट्टे मिले हुए है।
साथ ही जवाहर नगर गुर्जर गली में सड़क निर्माण तथा दाता नगर जटिया हिल्स की कुछ गलियों में नालियों का निर्माण कराये जाने की मांग भी क्षेत्रवासियों ने की। इसी प्रकार फायसागर रोड पर काली माता मंदिर के पास स्थित पुलिया के अवरूद्ध होने से बारिश का पानी मुख्य रोड़ पर स्थित दुकानों में भरने की शिकायत भी क्षेत्रवासियों से प्राप्त हुई।
देवनानी ने बताया कि क्षेत्रवासियों से प्राप्त विभिन्न शिकायतों के क्रम में सम्बंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर तथा पत्र भेजकर इनका प्राथमिकता से समाधान किये जाने के निर्देश दिये गये है।

error: Content is protected !!