2021 में लेह-लद्धाख में होगा प्रथम सिन्धु महाकुंभ का भव्य आयोजन

– 25वीं सिन्धु दर्शन यात्रा के अवसर पर 19 से 26 जून 2021 को होगा आयोजन
– गत दिनों दिल्ली में हुई आयोजन समिति की बैठक में भाग लेकर आए देवनानी

प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 4 अक्टूबर। वर्ष 2021 में लेह-लद्धाख में प्रथम सिन्धु महाकुंभ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी सिन्धु दर्शन यात्रा की केन्द्रीय आयोजन समिति के सदस्य एवं विधायक अजमेर उत्तर वासुदेव देवनानी ने दी। देवनानी ने गत दिनों दिल्लीं में सिन्धु महाकुंभ के आयोजन को लेकर रखी गई बैठक में भाग लिया था।
देवनानी ने बताया कि राष्ट्रीय एकता, अखण्डता व समरसता का प्रतीक एवं बोद्ध-वैदिक संस्कृति के समन्वय की परिचायक सिन्धु दर्शन यात्रा का आयोजन प्रति वर्ष लेह-लद्धाख में जून माह में किया जाता है। वर्ष 2021 में होने वाली 25वीं सिन्धु दर्शन यात्रा के अवसर पर 19 से 26 जून तक देश में पहली बार सिन्धु महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आध्यात्मिक महाकुंभ में सभी प्रदेशों के सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन, भव्य शोभायात्रा का आयोजन, युवाओं की टोली द्वारा मोटरसाईकिल पर यात्रा, सिन्धु वैली में सेल्फी, शहीदों के परिवार का सम्मान, सन्तों द्वारा धार्मिक कथाएं, प्रदर्शनियों जैसे विभिनन आयोजन किये जाने के साथ ही इस अवसर पर विभिन्न पंथों के सन्त समाज को भी आमंत्रित किया जाएगा।
देवनानी ने बताया कि आयोजन को लेकर दिल्ली में आयोजित बैठक में महाकुंभ के आयोजन का वृहत स्तर पर प्रचार-प्रसार करने के सम्बंध में चर्चा हुई जिससे सभी प्रदेशों से अधिक से अधिक संख्या में यात्री भाग ले सके। महाकुंभ में भाग लेने वाले यात्रियों के लिए ठहरने व भोजन आदि की सस्ती व समुचित व्यवस्था कराई जाएगी।
देवनानी ने बताया कि लेह-लद्धाख क्षेत्र में प्रकृति के अनुपम सौन्दर्य को देखने व मन को छू लेने वाले प्राकृतिक दृश्यों का आनन्द लेने का अवसर मिलता है। इसके साथ ही पवित्र सिन्धु नदी में स्नान का अवसर मिलता है जिससे आध्यात्मिक संतुष्टि की भी अनुभूति होती है। इसके अतिरिक्त कुछ ऐतिहासिक स्थानों को भी देखने का मौका मिलता है।

error: Content is protected !!