ऑनलाइन प्रदर्शनी से जाना अजमेर का गौरवशाली इतिहास

विश्व विरासत दिवस पर पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग राजस्थान और पृथ्वीराज फाउण्डेशन की ओर से हेरिटेज ट्रेजर ऑफ़ अजमेर फोटो प्रदर्शनी का आयोजन
लॉकडाउन के चलते कार्यक्रमों पर रोक है और सभी अजमेर वासी घरों में रह कर सरकारी गाईड लाइन्स का पालन कर रहें हैं। अतः इस परिस्थिति को देखते हुए विश्व विरासत दिवस के अवसर पर पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग राजस्थान और पृथ्वीराज फाउण्डेशन की ओर से की गयी है एक अनूठी पहल के तहत हेरिटेज ट्रेजर ऑफ़ अजमेर ऑनलाइन फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
प्रदर्शनी में अजमेर की स्थापत्य कला और प्राकृतिक खूबसूरती जिसे चौहान राजाओं से लेकर, मध्यकाल और औपनिवेशिक काल में संवारे गए शहर के चित्रों को फेसबुक पेज और प्रमुख व्हाट्सएप्प ग्रुप में प्रदर्शित किया गया जिन्हे लोगों ने घर बैठे देखा और अपने शहर की अद्भुत और ऐतिहासिक विरासत से रूबरू हुए। प्रदर्शनी में पुष्कर सरोवर, ब्रम्हा मंदिर, ख्वाजा साहब की दरगाह, अजयपाल, सेंट एंसलम चर्च, सोनी जी की नसियां, रंगजी मंदिर, ऋषि उद्यान और आंतेड़ की छतरियों के चित्रों से सभी ने अजमेर की आध्यात्मिक विरासत को देखा। तारागढ़ दुर्ग और उसकी प्राचीन दीवारों से झांकते शहर के दृश्यों ने चौहान काल की यादे ताज़ा की। वहीं अढ़ाई दिन का झोपड़ा, आनासागर झील, राजकीय संग्रहालय अजमेर, बादशाही बिल्डिंग, जहांगीर महल, अब्दुल्लाह खान का मकबरा आदि के चित्रों को देख दर्शक मुग़ल काल में अजमेर के महत्व से मुखातिब हुए।
औपनिवेशिक काल के विक्टोरिया जुबली क्लॉक टावर, डीआरएम ऑफिस, गाँधी भवन, मेयो कॉलेज, नगर निगम यानि पुराना विक्टोरिया अस्पताल, तोपदड़ा स्कूल, किंग एडवर्ड मेमोरियल आदि स्थानों के चित्रों को सभी ने देखा कि कैसे इनका निर्माण करवा कर अजमेर को संवारा गया था।
पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के वृत्त अधीक्षक नीरज त्रिपाठी ने बताया कि विश्व विरासत दिवस पर राजकीय संग्रहालय में प्रतिवर्ष आयोजन होता आ रहा है। लॉक डाउन के कारण ऑनलाइन फोटो प्रदर्शनी संभवतया अजमेर में पहली बार हुई होगी। जिसमे प्रत्येक फोटो के साथ विस्तृत जानकारी भी दी गयी। उन्होंने बताया कि यह कार्य भी दीर्घा में प्रदर्शनी आयोजित करने से कम नहीं रहा। सभी विरासत स्थलों के श्रेष्ठ फोटो चयनित कर, कलर करेक्शन, डिज़ाइन का कार्य कुशलता से किया गया। साथ ही लोगो से अपने अजमेर का महत्व समझने और इसे अपनी धरोहर समझ स्वच्छ रखने की अपील भी की भी की गयी
पृथ्वीराज फाउंडेशन के सचिव दीपक शर्मा ने बताया की प्रदर्शनी को सभी दर्शको ने बखूबी सराहा और सभी ने इस प्रयास की सराहना की। इस प्रदर्शनी में अनिल कुमार जैन, संजय सेठी, राजेश कश्यप, ऋषि राज सिंह, नदीम खान, दीपक सेन, लवलेश सोनी कुलदीप सोनी, गजराज सिंह रावत, दिशा जांगिड़ द्वारा लिए गए खूबसूरत छायाचित्रों को प्रदर्शित किया गया है।

error: Content is protected !!