अजमेर, 8 सितम्बर। जिला कलक्टर श्री प्रकाश राजपुरोहित ने सभी उपखण्ड अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्कूलों को खेल मैदान के लिए भूमि आवंटन प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करें। यथाशीघ्र भूमि आवंटन प्रक्रिया पूरी की जाए। पेंशन, सरकारी योजनाओं तथा अन्य प्रकरणों में भी अधिकारी संवेदनशील होकर पात्र व्यक्तियों को राहत प्रदान करें।
जिला कलक्टर श्री प्रकाश राजपुरोहित ने आज वीसी के माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि राजकीय विद्यालयों को खेल के मैदान आवंटित करने के लिए प्रस्ताव मांगे गए थे। राजकीय प्राथमिक विद्यालयों के लिए भूमि आवंटन के प्रकरण उपखण्ड स्तर पर ही निस्तारित किए जाएंगे। मुख्यालय स्तर पर केवल वे ही प्रस्ताव भेजे जाने चाहिए जिनके लिए राज्य सरकार की अनुमति आवश्यक है। उच्च प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के लिए भूमि आवंटन के शेष प्रस्ताव तुरन्त जिला स्तर पर भिजवाए जाए। इसी प्रकार ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न राजकीय कार्यालयों के लिए भूमि आरक्षित करने का कार्य भी किया जाए।
उन्होंने कहा कि जिले के समस्त पेन्शन प्राप्त करने के लिए पात्र व्यक्तियों का चिन्हीकरण किया जाए। चिन्हित व्यक्तियों की जानकारी पोर्टल पर अपलोड की जाए। सम्बन्धित व्यक्तियों के आवश्यक दस्तावेज बनवा कर उन्हें पेन्शन स्वीकृति कर लाभान्वित किया जाए। संपरिवर्तन, मुख्यमंत्री सहायता कोष, गैर खातेदारी से खातेदारी एवं सम्पर्क पोर्टल के सम्बन्धित कार्यो की सूचना समय पर भेजी जाए।
उन्होंने कहा कि शमशान आदि के उपयोग में आने वाली भूमि का सम्बन्धित प्रयोजन के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाए। इस प्रकार के प्रस्ताव प्रत्येक ग्राम पंचायत से प्राप्त होने चाहिए। जरूरतमंद प्रवासियों एवं किसानों को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए प्रशिक्षण प्रदान किया जाए।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री कैलाश चन्द्र शर्मा, उपखण्ड अधिकारी श्री अवधेश मीणा जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह राठौड़, प्रोटोकॉल अधिकारी श्री आलोक जैन उपस्थित थे।