अच्छी खबर, भर्ती कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार गिरावट

अजमेर, 6 अक्टूबर। कोरोना संक्रमण के खिलाफ जुझ रहे अजमेर जिले के लिए अच्छी खबर है। राजकीय जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कोरोना मरीजों की संख्या और उनकी बीमारी की गंभीरता में लगातार गिरावट आ रही है। पिछले 20 दिनों में लगातार उतार चढाव के बाद अब लगातार कमी दर्ज की जा रही है। अस्पताल की ऑक्सीजन की खपत में भी 30 प्रतिशत से अधिक की कमी आयी है।

जिला कलक्टर श्री प्रकाश राजपुरोहित ने आज राजकीय जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय का निरीक्षण कर कोरोना संक्रमण से बचाव एवं उपचार की व्यवस्थाओं को जांचा। अस्पताल प्रशासन ने उन्हें बताया कि 15 सितम्बर को अस्पताल में 107 कोरोना पॉजीटिव मरीज भर्ती थे। यह संख्या 23 सितम्बर को बढकर 149 हो गयी लेकिन उसके बाद से लगातार संख्या गिरावट दर्ज की जा रही है। आज शाम तक अस्पताल में 70 कोरोना पॉजीटिव मरीज भर्ती थे। इसी तरह 15 सितम्बर को जहां 19 कोरोना संदिग्ध मरीज भर्ती किए गए वहीं आज यह संख्या मात्र 8 है। अस्पताल में वर्तमान में वेंटीलेटर पर मरीजों की संख्या शून्य है। जबकि 20 दिन पूर्व 3 मरीजों को वेंटीलेटर पर लिया गया था। इसी तरह ऑक्सीजन सर्पोट पर 70 मरीज थे। वर्तमान में सिर्फ 37 मरीज ऑक्सीजन पर है। अस्पताल में जहां पूर्व में 950 ऑक्सीजन सिलेण्डरों की प्रतिदिन खपत थी वह अब घटकर 625 प्रतिदिन रह गई है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार यह महामारी से संघर्ष में शुभ संकेत है।

जिला कलक्टर श्री प्रकाश राजपुरोहित ने आज अधिकारियों के साथ जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कोरोना वार्ड का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। जिला कलक्टर ने कहा कि प्रत्येक बैड पर ऑक्सीजन व घण्टी की सुविधा अनिवार्य रूप से हो। मरीजों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने वार्डों में सीसीटीवी सुविधाओं की भी जानकारी ली।

जिला कलक्टर ने कोरोना के लिए स्थापित वार रूम और हैल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभारी से कहा कि मरीजों को तुरन्त राहत प्रदान करने के लिए काम करें। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि कोविड वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों का विशेष ध्यान रखा जाए। मरीजों की नियमित काउंसलिंग एवं परिजन को उनकी तबियत के बारे में नियमित ब्रीफिंग की जाए। उन्होंने कोरोना के मरीजों को दी जा रही चिकित्सा के बारे में जानकारी ली। कोविड वार्ड में सीसीटीवी कैमरे लगवाकर उसका डिसप्ले वार्ड के बाहर भी करवाया जाएं, जिससे परिजन उनके रोगियों को देख सकें। इससे आवश्यकता होने पर रोगी अथवा उसके परिजन मेडिकल स्टाफ को बुला सकेंगे। गम्भीर और मोडरेट प्रकार के रोगियों के साथ परिजनों से वीडियो कॉलिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए। कोविड वार्ड में नियमित रूप से टॉयलेट क्लीनिंग की व्यवस्था के साथ ही सम्पूर्ण कोविड वार्ड में साफ-सफाई की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित हो। कोविड वार्ड में ओपन वाई-फाई की सुविधा भी उपलब्ध रहे।

जिला कलक्टर ने चिकित्सालय प्रशासन से मरीजों को दिए जा रहे भोजन, दवा और सुविधाओं की भी विस्तार से जानकारी ली। इस अवसर पर अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनिल जैन, प्राचार्य डॉ. वी.बी. सिंह, एडीएम सिटी श्री विशाल दवे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!