
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी ने प्रदेश सरकार की दो साल की उपलब्धियों को झूठ का पुलिंदा करार दिया है। देवनानी ने कहा कि सरकार ने पूरे दो सालों तक केवल जनता के साथ छलावा करने के अलावा कुछ नहीं किया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जनता की चिंता करने के बजाए एक साल सरकार बनाने और दूसरी एक साल सरकार को बचाने में ही समय निकाल दिये।
देवनानी ने कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत और उनकी कांग्रेस सरकार एक के बाद एक छलावा जनता से करती रही। उन्होंने जो आज एक हजार से अधिक योजनाओं का लोकार्पण किया है उसमें से आधे से ज्यादा कार्य भाजपा के कार्यकाल के है। केवल जनता की झूठी वाहवाही लूटने हेतु गहलोत द्वारा इन सबका लोकार्पण किया।
देवनानी ने कहा कि सरकार ने बेरोजगारों के साथ छलावा किया। गत भाजपा सरकार के समय की नियुक्तियों को गिनाती रही। कंप्यूटर शिक्षकों की भर्ति संबंधि की गई घोषणा अभी तक पूरी नहीं हुई है। घोषणा को करीब दस महीने बीत जाने के बाद अब तक कंप्यूटर शिक्षकों का कैडर तक नहीं बनाया है जबकि माध्यमिक शिक्षा निदेशालय चैदह हजार से अधिक कंप्यूटर शिक्षकों की आवश्यकता बता चुका है।
देवनानी ने कहा कि सरकार ने अंग्रेजी माध्यम की स्कूल खोलने के नाम पर भी केवल वाहवाही लूटने का प्रयास किया। सरकार अंग्रेजी माध्यम की 239 स्कूल खोलने की बात तो कर रही है लेकिन इसके बदले हिंदी माध्यम की कितनी स्कूलों को बंद किया गया है इसकी जानकारी बताने से डर रही है। सत्य तो यह है कि सरकार ने हिंदी माध्यम की 239 स्कूलों को ही माध्यम बदलकर अंग्रेजी माध्यम की स्कूल खोल थोथी वाहवाही लूटने का असफल प्रयास किया है। इस संबंध में देवनानी का कहना है कि सरकार को अंग्रेजी माध्यम की स्कूल ही चलानी थी तो भाजपा सरकार द्वारा गत कार्यकाल में खोले गए स्वामी विवेकानंद माॅडर्न स्कूल की भांति नई अंग्रेजी मीडियम स्कूल खोलकर जनता को सच्ची सौगात दी जानी चाहिए थी।