देवनानी ने कार्यकर्ताओं व मतदाताओं का व्यक्त किया आभार

प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 28 जनवरी। अजमेर नगर निगम के लिए विभिन्न वार्डो में 28 जनवरी को हुए मतदान में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं व मतदाताओं द्वारा भारी मतदान किये जाने पर विधायक वासुदेव देवनानी ने उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मतदान दिवस पर भाजपा कार्यकर्ता ही नहीं आम मतदाता में भी यह उत्साह साफ नजर आ रहा था कि विकास के लिए अजमेर नगर निगम में फिर से भाजपा का ही बोर्ड बने।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के बूथ स्थतरीय कार्यकर्ता से मण्डल व शहर जिला स्तर तक के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने एकजुटता के साथ चुनाव में कार्य किया जिसके फलस्वरूप मतदान के दौरान भाजपा के पक्ष का वातावरण स्पष्ट नजर आ रहा था। देवनानी ने नगर निगम के सभी वार्डो में भाजपा प्रत्याशियों के भारी मतों से जीत का दावा किया है।
प्रशासन दिखा कांग्रेस सरकार के दबाव में
देवनानी ने कहा कि एक ओर आम मतदाताओं में भाजपा के समर्थन में भारी उत्साह नजर आया तो दूसरी ओर अजमेर का प्रशासन प्रदेश की कांग्रेस सरकार के दबाव में नजर आया। उन्होंने कहा कि कई मतदान केन्द्रों पर कांग्रेस व निर्दलीय प्रत्याशी व उनके समर्थक बेरोकटोक घूमते व मतदाताओं को प्रलोभन देने का प्रयास करते रहे जबकि प्रशासन मूक दर्शक बना रहा तथा भाजपा कार्यकर्ताओं को अनावश्यक रूप से राकने की कोशिश करते रहे।
देवनानी ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि वोटर लिस्टों में भी भारी अनियमितता सामने आई। कई मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब मिले। एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग बूथों पर थे तो कई सदस्यों के नाम लिस्ट में मिले ही नहीं।

error: Content is protected !!