कांग्रेस सरकार में केवल आंकड़ों की जादूगरी

अजमेर, 7 मार्च। अजमेर उत्तर के विधायक व पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार केवल कागजी खानापूर्ति और आंकड़ों की जादूगरी के भरोसे चल रही है। वे रविवार को शहर भाजपा दाहरसेन मंडल की ओर से आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन सत्र को मुख्य वक्ता के रूप में सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि राज्य में पिछले ढाई साल के कुशासन में कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल हो गई है। पूरे देश में अपराधों में राजस्थान नम्बर वन पर है। लोगों को पानी-बिजली पूरी नहीं मिल रही है। बिजली के दाम बढ़ा दिए गए हैं। सरकार में केवल जादूगर के जादू से झूठे आंकड़ों की भरमार है।
उन्होंने कहा कि साढ़े 29 लाख बेरोजगार रोजगार कार्यालयों में रजिस्टर्ड हैं, जिनमें से केवल एक लाख 60 हजार बेरोजगारों को ही भत्ता दिया जा रहा है। यही नहीं, अभी तक 46 हजार भर्ती के लिए प्रक्रिया शुरू हो पाई है, जबकि बाकी की भर्तियां ठंडे बस्ते में पड़ी हुई हैं। देवनानी ने कहा कि राज्य बिजली के मामले में 96 प्रतिशत आत्मनिर्भर है, इसके बाद भी बिजली महंगी है। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर प्रदेश में कुछ भी नहीं हो रहा है। सरकार पर कर्ज दर कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है।
देवनानी ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे आमजन को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की सैकड़ों कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें और राजस्थान की कांग्रेस सरकार की विफलताओं से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि जिस तरह कांग्रेस सरकार ने बजट पेश किया है, उससे यह आभास होता है कि यह सरकार कभी भी रुखसत हो सकती है और मध्यावधि चुनाव हो सकते हैं। समापन सत्र की अध्यक्षता शिविर संयोजक अरविंद पाराशर ने की। मण्डल अध्यक्ष दीपेंद्र लालवानी ने आगन्तुकों का स्वागत किया। इससे पहले अन्य सत्रों में शहर भाजपा के जिला प्रवक्ता महेंद्र पाटनी, जिला महामंत्री वेद प्रकाश दाधीच, जिला प्रवक्ता सतीश बंसल, भाजयुमो के जिला अध्यक्ष दीपक सिंह राठौड ने विचार व्यक्त किए। अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेता तुलसी सोनी, जिला उपाध्यक्ष सुलोचना शुक्ला, प्रेम आनन्दकर व मंडल महामंत्री सुरेश नवाल ने की।
इसी प्रकार दाहरसेन मंडल में आयोजित प्रशिक्षण शिविर के विभिन्न सत्रों में सोशल मीडिया के उपयोग, भाजपा के इतिहास व भारत विकास के समक्ष चुनौतियां, भाजपा की कार्यपद्धति व संगठन संरचना में कार्यकर्ता की भूमिका जैसे विषयों पर पूर्व महापौर धर्मेन्द्र गहलोत, जिलाध्यक्ष प्रियशील हाड़ा, महामंत्री रमेश सोनी, प्रवक्ता सतीश बंसल ने विचार व्यक्त किये। अध्यक्षता पार्षद भारती श्रीवास्तव, हेमलता बंसल, के.के.त्रिपाठी, सुभाष जाटव व अशोक मुदगल ने की।
बजरंग मंडल में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में 2014 के बाद भारतीय राजनीति में आये बदलाव व कार्यकर्ताओं के दायित्व, प्रदेश में वर्तमान सरकार की विफलताओं, सुरक्षा सामथ्र्य के साथ आत्मनिर्भर भारत के संकल्प, व्यक्तित्व विकास जैसे विषयों पर उप महापौर नीरज जैन, प्रशिक्षण शिविर संयोजक कंवल प्रकाश किशनानी, जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह राजावत, पूर्व उप महापौर संपत सांखला ने विभिन्न सत्रों में विचार व्यक्त किये । अध्यक्षता दरियावसिंह, रामदेव भड़ाणा, रमेश टेलर, राजेन्द्र सिंह राठौड व प्रकाश मेहरा ने की।

error: Content is protected !!