सरवाड़ नगर पालिका बोर्ड की बैठक में 27 करोड़ का बजट अनुमोदित*
केकडी / विधानसभा क्षेत्र की सरवाड़ नगर पालिका के बोर्ड की प्रथम बैठक में 27 करोड़ 31 लाख राशि का बजट चिकित्सा एवं जनसमपर्क मंत्री डॉ. रघु शर्मा की उपस्थिति में अनुमोदित किया गया।
चिकित्सा एवं जनसम्पर्क मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि सरवाड़ नगर पालिका बोर्ड की प्रथम बैठक में सर्वसम्मति से 27 करोड़ 31 लाख का बजट अनुमोदित किया। पक्ष और विपक्ष के पार्षदों ने आपसी समन्वय के साथ सरवाड़ के विकास के लिए कार्य किया गया। इसी प्रकार आगे भी कंधे से कंधा मिलाकर कार्य किया जाएगा। सरकार सरवाड़ के विकास के लिए दृढ़ संकल्पित है।
उन्होंने कहा कि सरकार सरवाड़ के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विकास को नई ऊंचाईयां देने के लिए प्रयासरत है। सरवाड़ के सामुदायिक चिकित्सालय की सुविधाओं में भी बढ़ोतरी की जाएगी। वर्तमान में 30 व्यक्तियों के आईपीडी की सुविधा उपलब्ध है। इसे बढ़ाकर जल्द ही 50 बेड किया जाएगा। इसी प्रकार सामुदायिक उत्तरदायित्व फण्ड के माध्यम से राज्य में 10 सोनोग्राफी मशीनें मंगवाई गई है। उनमें से एक सरवाड़ सामुदायिक चिकित्सालय में स्थापित की जाएगी। फतेहगढ़ के निवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इस क्रम में वहां भी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र आरम्भ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान राजस्थान के कोरोना प्रबंधन की सब जगह सराहना हुई है। वर्तमान में कोरोना टीकाकरण अभियान में भी राजस्थान अग्रणी है। बारी आने पर प्रत्येक पात्र व्यक्ति को टीका अवश्य लगाना चाहिए। कोरोना का टीका पूरी तरह से सुरक्षित एवं प्रभावी है।
सरवाड़ नगर पालिका बोर्ड की बैठक में 27 करोड़ 31 लाख के वर्ष 2021-22 के प्रस्तावित बजट का अनुमोदन किया गया। सरवाड़ दरगाह के उर्स की व्यवस्थाओं के लिए 6.5 लाख का प्रावधान किया गया। इसी प्रकार 5 लाख रूपये की राशि नगर पालिका द्वारा व्यय की जाएगी। बोर्ड की बैठक में मास्टर प्लान में संशोधन तथा अतिक्रमण हटाने के संबंध में भी प्रस्ताव पारित किए गए।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष छगन कंवर, उपाध्यक्ष आरिफ नेब, पूर्व अध्यक्ष शंकर सिंह, हाजी मौलाना अब्दुल शकूर, फिरोज हरसोरी, राजेश शर्मा सहित पार्षदगण एवं अधिकारी उपस्थित थे।
![](https://ajmernama.com/wp-content/uploads/2021/03/Untitled-10.jpg)