कोरोना से लड़ने के लिए देवनानी ने विधायक कोष से दिए 40 लाख रूपए

प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 24 अप्रैल। पूर्व शिक्षा मंत्री व विधायक अजमेर उत्तर वासुदेव देवनानी ने कोरोना से लड़ने के लिए विधायक कोष से 40 लाख रूपए देने की घोषणा की है। इसमें 25 लाख रूपए अजमेर के पंचशील स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आॅक्सीजन प्लांट लगाने और नेहरू अस्पताल सहित विभिन्न सरकारी डिस्पेंसरियों में आॅक्सीजन कंसन्टेªटर खरीदने पर खर्च होंगे।
देवनानी ने शनिवार को जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित से मुलाकात कर कोरोना से लड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। बातचीत में सामने आया कि अभी केवल जवाहर लाल नेहरू अस्पताल में ही आॅक्सीजन प्लांट है, इसलिए अजमेर में दो और प्लांट लगाए जाने की आवश्यकता है। यदि दो और प्लांट लगते हैं, तो भविष्य में आॅक्सीजन सिलेंडरों की कमी दूर हो सकेगी। इस हेतु देवनानी ने विधायक कोष से 25 लाख रूपए देने की घोषणा की। बातचीत में बताया गया कि आॅक्सीजन कंसन्टेªटर की भी कमी है। इसके लिए देवनानी ने 10-10 लीटर के आॅक्सीजन कंसन्टेªटर खरीदने के लिए विधायक कोष से 15 लाख रूपए देने की घोषणा की है। देवनानी ने आॅक्सीजन प्लांट पंचशील स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही स्थापित करने पर जोर दिया। इसके साथ उन्होंने इस स्वास्थ्य केंद्र पर कोविड बेडों की संख्या 70 से बढ़ाकर 100 करने की बात कही, जिस पर कलेक्टर ने सहमति जताई है। उन्होंने इस स्वास्थ्य केंद्र में उस अनुपात में आॅक्सीजन पाइप लाइन बिछाने की मांग भी की।
जनप्रतिनिधियों को भी मिले प्रयासों की जानकारी
देवनानी ने कलेक्टर से कहा कि कोरोना से संबंधित जो भी प्लानिंग की जाती है और कदम उठाए जाते हैं, उनकी जानकारी जनप्रतिनिधियों को भी दी जानी चाहिए, ताकि उन्हें भी पता रहे कि शासन-प्रशासन क्या-क्या कदम उठा रहे हैं। इन कदमों से जनता को अवगत कराया जा सके, जिससे वह वांछित चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठा सके। उन्होंने सभी सरकारी अस्पतालों और डिस्पेंसरियों से आॅनलाइन यह जानकारी मंगवाने पर जोर दिया कि जिस अस्पताल और डिस्पेंसरी में कितने बेड खाली हैं। उन्होंने कलेक्टर से कहा कि प्राइवेट अस्पतालों में भी बेडों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि सरकारी अस्पतालों में बेड खाली नहीं होने की स्थिति में कोरोना पीड़ितों को इन अस्पतालों में भर्ती कराकर इलाज कराया जा सके। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि कोई भी प्राइवेट अस्पताल किसी मरीज को भर्ती करने से इंकार नहीं करे।
नेहरू अस्पताल में बढ़े काउंटर
देवनानी ने कलेक्टर से कहा कि नेहरू अस्पताल में कोविड मरीजों के लिए डाॅक्टरों को दिखाने और दवा लेने के लिए काउंटरों की संख्या बढ़ाकर कम से कम पांच की जाए। अभी एक ही काउंटर होने से मरीजों की लम्बी लाइन लग जाती है और उन्हें अपनी बारी आने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने भर्ती मरीजों का मनोबल बढ़ाने व मनोरंजन के लिए वार्डों में टीवी लगाने पर भी जोर दिया।
वार्डों में लगे वैक्सीनेशन शिविर
देवनानी ने कहा कि कोरोना वैक्सीनेशन शिविर पार्षदों के सहयोग से वार्डों में लगाए जाने चाहिए, ताकि उम्रदराज लोग और किन्हीं कारणों से वंचित रहने वाले लोग इन शिविरों में टीके लगवा सकें। इससे ज्यादा से ज्यादा लोगों का वैक्सीनेशन किया जा सकेगा और अस्पतालों में भीड़ नहीं लगेगी। इसके अलावा पूरे शहर में सेनिटाइजेशन कराने के लिए साधन बढ़ाए जाने चाहिए। कम समय में अधिक क्षेेत्र कवर होने से कोरोना पर काफी हद तक काबू पाया जा सकेगा। उन्होंने शहर में पतली गलियों में सेनिटाइजेशन के लिए छोटी बैटरी चालित मशीनें खरीद कर हर वार्ड में दिए जाने पर भी जोर दिया।
रोटेशन से लगाई जाए ड्यूटी
देवनानी ने कहा कि होम क्वारेंटाइन और आइसोलेट लोगों पर निगरानी के लिए केवल शिक्षकों की ही ड्यूटी नहीं लगाई जाए। शिक्षकों के साथ अन्य सरकारी विभागों, निगम, बोर्ड और अन्य स्वायत्तशासी संस्थाओं के कर्मचारियों की भी रोटेशन से ड्यूटी लगाई जाए, ताकि केवल शिक्षकों और कुछ ही कर्मचारियों पर भार नहीं पड़े।

error: Content is protected !!