सरकार व्यापारियों की समस्याओं को देखते हुए ही जारी करे नए लॉकडाउन की गाइडलाइन

व्यापारियों ने की EX GRATIA ( कृपापूर्वक किया गया भुगतान ) की मांग
अजमेर शहर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष किशन गुप्ता के सानिध्य में एक अतिआवश्यक वर्चुअल मीटिंग महासंघ के पदाधिकारियों व व्यापारियों के साथ हुई। महासंघ के प्रवक्ता सीए विकास अग्रवाल व कमल गंगवाल ने हुई मीटिंग के विषय में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पिछले लगभग डेढ़ माह से अजमेर शहर के व्यापारियों के प्रतिष्ठान लगभग पूर्णतया बंद हैं जिससे अब उनकी आजीविका पर करारा असर पड़ने लग गया है क्योकि जो भी जमा पूँजी व्यापारियों के पास थी वो इन डेढ़ माहों में खाली हो चुकी है जिससे उनके परिवार का भरणपोषण करना मुश्किल हो गया है। चूँकि व्यापारी कोरोना महामारी से डरा हुआ है और सरकार की गाइडलाइन के अनुसार ही चल रहा है और आगे भी तदनुसार सहयोग करने के लिए तत्पर है किन्तु यह तभी संभव हो पायेगा जब सरकार व्यापारियों के पक्ष में ऐसे समय में व्यापारियों के लिए आर्थिक पैकेज का एलान करे। महासंघ के अध्यक्ष किशन गुप्ता व महामंत्री प्रवीण जैन ने सरकार को सुझाव देते हुए बताया कि जिस प्रकार से अन्य व्यवसायियों को वर्तमान गाइड लाइन के तहत कुछ-कुछ दुकाने खोलने की छूट दे रखी है उसी तर्ज पर अन्य व्यापारियों को भी इस प्रकार से छूट मिलनी चाहिए जिससे बिगड़ी हुई आर्थिक स्थिति में कुछ सुधार हो सके। इसके अतिरिक्त यदि सरकार पूर्ण लॉकडाउन चाहती है तो वह प्रत्येक व्यापारी को लॉकडाउन पीरियड के दुकान-मकान के बिजली-पानी के बिल, उसके यहाँ काम करने वालों के स्टाफ का वेतन, व अन्य चालू खर्चों का भुगतान प्रत्येक व्यापारी वर्ग को करे तो सरकार जब तक मर्जी चाहे लॉकडाउन रखे व्यापारी को इसमें कोई आपत्ति नहीं होगी। परन्तु इसके लिए सरकार को प्रत्येक व्यापारी के परिवार के भरणपोषण की एक निश्चित राशि EX GRATIA (कृपा पूर्वक किया गया भुगतान) के रूप में भुगतान करनी होगी। महासंघ के संरक्षक भगवान चंदीराम व वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह छाबड़ा ने मीटिंग में राज्य सरकार को सुझाव देते हुए बताया कि सरकार यदि चाहे तो व्यापारियों को राहत प्रदान करने के लिए दुकानों को खोलने में सम-विषम का फॉर्मूला या दुकानों को श्रेणीनुसार खोलने का उनका भिन्न-भिन्न समय निर्धारित कर सकती है जिसमें भी व्यापारियों को राहत के छींटे मिल सकते हैं। इस सम्बन्ध में महासंघ के प्रवक्ता कमल गंगवाल व सीए विकास अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को ईमेल भेजकर राज्य सरकार द्वारा किये जा रहे आपदा-प्रबंधन के लिए मुख्यमंत्री गहलोत की सराहना की व आभार व्यक्त करते हुए उनसे गुजारिश की, कि वे व्यापारियों की समस्यायों को ध्यान में रखते हुए नई लॉकडाउन गाइडलाइन में महासंघ द्वारा दिए गए सुझावों को शामिल करने का आग्रह किया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक बिंदल, उपाध्यक्ष सुरेश चारभुजा व कोषाध्यक्ष राकेश डीडवानिया ने मीटिंग में संयुक्त रूप से कहा कि गैर अनुमत्त दुकानों को नई गाइडलाइन के अंतर्गत सुबह 11 से सायं 5 बजे तक खोले जाने की अनुमति दी जानी चाहिए। आज हुई वर्चुअल मीटिंग व आपसी विचार विमर्श में महासंघ के संरक्षक भगवान चंदीराम, अध्यक्ष किशन गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक बिंदल-नरेन्द्र सिंह छाबड़ा, महामंत्री प्रवीण जैन, प्रवक्ता सीए विकास अग्रवाल – कमल गंगवाल, सुरेश चारभुजा, हेमंत जैन, जय गोयल, गिरीश लालवानी, अशोक छाजेड़, सम्पत कोठारी, सुरेश गुप्ता, राजकुमार गर्ग, बालिश गोहिल, राजीव जैन निराला, अनीश मोयल, राकेश डीडवानिया, पुष्पेंद्र पहाड़िया, शैलेन्द्र अग्रवाल, दिलीप टोपीवाला, शैलेश गुप्ता, मोहन गुप्ता, नितिन गर्ग, रमेशचंद जैन, सुनील गंगवाल, मुकेश गोयल, बद्रीप्रसाद सिंघल आदि हैं |
सीए विकास अग्रवाल
प्रवक्ता, अजमेर शहर व्यापार महासंघ
मो. 9829535678

error: Content is protected !!