101 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगवाकर मोदी ने रचा इतिहास

प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 24 अक्टूबर। पूर्व शिक्षा मंत्री व विधायक अजमेर उत्तर वासुदेव देवनानी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमाम विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए वैश्विक महामारी कोरोना से पूरे देश को काफी हद तक निजात दिला दी है। देशभर में 101 करोड़ लोगों को निशुल्क वैक्सीन लग चुकी है। यह मोदी की इच्छाशक्ति और मुसीबत के दिनों में अडिग डटे रहने की मंशा के कारण ही संभव हो पाया है। लेकिन महामारी के दौरान आए दिन वैक्सीन की बनावटी किल्लत को लेकर चिल्लाने वाले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और चिकित्सा व स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा अब चुप क्यों हैं। इन दोनों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर बड़ा दिल रखते हुए मोदी का अभिनंदन करना चाहिए।
देवनानी ने रविवार को यहां प्रेस काॅन्फे्रंस में कहा कि जब वैश्विक महामारी के समय पूरा विश्व और भारत जूझ रहा था और लाखों लोग इससे ग्रसित थे, तब मोदी ने देश को एकता के सूत्र में बांधे रखते हुए हर चुनौती और मुसीबत का हिम्मत के साथ सामना किया। मोदी ने पूरे देश में स्वास्थ्य कर्मियों, सफाई कर्मियों और नर्सिंग स्टाफ के सहयोग से 101 करोड़ लोगों को निशुल्क वैक्सीन लगवाकर नया इतिहास रचा। उन्होंने कहा कि देश में इतनी बड़ी संख्या में लोगों को वैक्सीन लग जाना बहुत बड़ी उपलब्धि है। वैक्सीनेशन पर अब तक हजारों करोड़ रूपए खर्च किए जा चुके हैं।
देवनानी ने कहा कि जब पूरा विश्व कोरोना की वैक्सीन बनाने के लिए मशक्कत कर रहा था और नामी वैज्ञानिक व चिकित्सक दिन-रात प्रयोग-दर-प्रयोग कर रहे थे, तब प्रधानमंत्री मोदी की इच्छाशक्ति, पहल और दूरदृष्टि से ही हमारे देश के वैज्ञानिकों और चिकित्सकों कुछ ही महीनों में स्वदेशी दो वैक्सीन तैयार कर ली। नतीजा यह हुआ कि यह वैक्सीन ना केवल भारत के लोगों को लगनी शुरू हुई, बल्कि कई देशों ने भी भारत से वैक्सीन मंगवाना शुरू किया। इससे पूरे विश्व में भारत की ना केवल साख बढ़ी है, बल्कि पूरी दुनिया ने भारत का लोहा मान लिया है। पहले अन्य बीमारियों के टीके अन्य देशों से मंगवाए जाते थे, जो आने में कई-कई साल लग जाते थे।
देवनानी ने कहा कि जब लोग कोरोना महामारी से आशंकित और भयभीत थे, तब प्रधानमंत्री मोदी ने ही वैक्सीन तैयार होने के बाद इस भय व आशंका को दूर करने का भरसक प्रयास किया, जो सफल हुए। किंतु कुछ विपक्षी दलों ने इसे भाजपा का टीका बताया, तो किसी ने इसकी गुणवत्ता व उपयोगिता पर ही सवाल खड़़े करने शुरू कर दिए थे। इसके बावजूद मोदी का विश्वास नहीं डिगा। आज इसी वैक्सीन ने सवाल खड़े करने वाले विपक्षी दलों के मुंह पर करारा तमाचा जड़ दिया है।
देवनानी ने कहा कि जब वैक्सीन लगनी शुरू हुई थी, तो गहलोत और रघु शर्मा आए दिन बिना वजह राजनीतिक चालें चल रहे थे। वे आए दिन वैक्सीन पूरी व समय पर नहीं मिलने की दुहाई देते हुए जनता को भ्रमित कर रहे थे। लेकिन अब 101 करोड़ लोगों को वैक्सीन लग जाने पर उनके मुंह से कुछ भी नहीं निकल रहा है और दोनों ने चुप्पी साध ली है। उन्होंने कहा कि गहलोत और शर्मा को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर मोदी का अभिनंदन और तारीफ करनी चाहिए। यदि वे मोदी की तारीफ करते हैं, तो इससे उनका राजनीतिक कद नहीं घटेगा, बल्कि जनता में यह संदेश जाएगा कि अच्छे कार्य की राजनीति से अलग हटकर सराहना की जाती है।
देवनानी ने बताया कि इस उपलब्धि पर मोदी का अभिनंदन करने और धन्यवाद देने के लिए अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में 15 स्थानों पर होर्डिंग्स लगाए गए हैं। इससे अभी तक वंचित रहे लोगों को वैक्सीन लगवाने की प्रेरणा भी मिलेगी। देवनानी ने कोरोना के संकटकाल में दिन-रात मेहनत करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों, नर्सिंग कर्मियों, चिकित्सकों और सफाई कर्मियों का अपनी ओर से धन्यवाद व आभार जताया है।

error: Content is protected !!