अजमेर। अजमेर उत्तर विधायक प्रो. वासुदेव देवनानी ने कहा कि माननीय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने यूएनओ में हिन्दी में सम्बोधन करके तथा देश के प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए भारत को परमाणु शक्ति सम्पन्न राष्ट्र बनाकर हमारे देश का गौरव बढ़ाया।
देवनानी आज भारतीय जनता पार्टी शहर जिला अजमेर के पृथ्वीराज मण्डल द्वारा अटल जी के जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अटल जी के कार्यकाल में देश को मिले सुशासन, महंगाई नियंत्रण, देश में बने सड़कों के जाल तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं व जनहित के कार्यो के लिए देशवासी उन्हें सदैव याद रखेंगे।
देवनानी ने कहा कि अटलजी ने राजनेतिक क्षेत्र में काम करते हुए भी कभी अपनी कथनी व करनी में कोई फासला नहीं रखा। अटलजी असाधारण व्यक्तित्व एवं अत्यन्त सरल स्वभाव के धनी रहे है। वह एक जमीनी इंसान से लेकर एक सुलझे हुए शीर्षस्थ नेता है। सुशासन दिवस के रूप में मनाये गये अटलजी के जन्म दिवस के कार्यक्रम में उपस्थित सभी भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके सुस्वास्थ्य व शतायु जीवन की कामना की। इस अवसर पर धर्मेन्द्र गहलोत, सीताराम शर्मा, पुष्पेन्द्र गोड, प्रकाश बंसल, प्रकाश चौरसिया, योगेश शर्मा, कल्पना कॉसवा, हेमा गहलोत, सीमा शर्मा, पारस बोहरा, जीतेन्द्र चौहान, पंकज शैली, सुनील शर्मा, किशन बालानी, शफीक मौहम्मद आदि भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।