आरपीएससीः-विभिन्न परीक्षाओं के प्रवेश-पत्र अपलोड

25 से 30 अगस्त तक अजमेर जिला मुख्यालय पर किया जाएगा परीक्षाओं का आयोजन

अजमेर, 17 अगस्त। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा सहायक आचार्य (चिकित्सा शिक्षा विभाग) संवीक्षा परीक्षा 2021 तथा कृषि अनुसंधान अधिकारी एवं सहायक कृषि अनुसंधान अधिकारी (कृषि विभाग) संवीक्षा परीक्षा 2022 के प्रवेश पत्र वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। सचिव श्री एच.एल ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रमानुसार परीक्षाओं का आयोजन अजमेर जिला मुख्यालय पर किया जाएगा। सहायक आचार्य के 14 विषयों की परीक्षा का आयोजन 25 एवं 26 अगस्त 2022 को प्रातः 9 से दोपहर 12 बजे तक एवं दोपहर 2 से सायं 5 बजे तक किया जाएगा। इसी प्रकार कृषि अनुसंधान अधिकारी एवं सहायक कृषि अनुसंधान अधिकारी के पदों की परीक्षा 27 से 30 अगस्त 2022 तक प्रातः 10 से 12.30 बजे एवं दोपहर 2 से सायं 4.30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
श्री अटल ने कहा कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पर एक पासपोर्ट साइज फोटो एवं मूल फोटो युक्त पहचान-पत्र साथ लेकर परीक्षा समय से 01 घण्टा पूर्व परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना होगा। मूल फोटोयुक्त पहचान-पत्र के अभाव में अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थी राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा जारी कोरोना गाइडलाइन की पूर्णतः पालना करें एवं परीक्षा केंद्र पर मास्क लगाकर उपस्थित होवें तथा प्रवेश-पत्र के साथ जारी आवश्यक अनुदेशों का अवलोकन अवश्य कर लें।

एडमिट कार्ड लिंक एवं एसएसओ आईडी से करें डाउनलोड

अभ्यर्थी अपना प्रवेश-पत्र आयोग की वेबसाइटhttps://rpsc.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध एडमिट कार्ड लिंक पर जाकर आवेदन-पत्र क्रमांक व जन्म दिनांक प्रविष्ट कर डाउनलोड कर सकते हैं। एसएसओ आइडी के सिटीजन ऐप्स में रिक्रूटमेंट पोर्टल पर उपलब्ध लिंक का चयन कर भी प्रवेश-पत्र प्राप्त किया जा सकता है।

कोरोना संक्रमित अभ्यर्थियों को जांच रिपोर्ट व दस्तावेज ई-मेल कर करना होगा सूचित

आयोग द्वारा कोरोना संक्रमित अभ्यर्थियों की परीक्षा हेतु पृथक से व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए कोरोना संक्रमित अभ्यर्थी को परीक्षा दिनांक से एक दिन पूर्व सायं 04ः00 बजे तक कोरोना संक्रमण संबंधी रिपोर्ट मय अन्य दस्तावेज ईमेल [email protected] पर भेजकर दूरभाष नम्बर 0145-2635255 पर आयोग को सूचित करना आवश्यक होगा। निर्धारित अवधि में सूचना प्राप्त होने पर आयोग द्वारा कोरोना संक्रमण से ग्रसित अभ्यर्थियों के लिए समुचित व्यवस्था की जा सकेगी। अभ्यर्थी अन्य जानकारी के लिए आयोग कार्यालय के दूरभाष नम्बर 0145-2635255 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

सहायक आचार्य होम साइंस (चाइल्ड डेवलपमेंट) प्रतियोगिता परीक्षा-2020 साक्षात्कार का परिणाम जारी

अजमेर, 17 अगस्त। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा बुधवार को सहायक आचार्य – होम साइंस (चाइल्ड डेवलपमेंट) प्रतियोगी परीक्षा 2020 के साक्षात्कार का परिणाम जारी किया गया।

सचिव श्री एचएल अटल ने बताया कि कॉलेज शिक्षा विभाग में सहायक आचार्य- होम साइंस (चाइल्ड डेवलपमेंट) के पदों के लिए आयोजित लिखित परीक्षा के परिणाम में अस्थाई रूप से सफल घोषित उम्मीदवारों के साक्षात्कार 16 अगस्त 2022 को आयोजित किए गए थे। साक्षात्कार के बाद संबंधित सेवा नियमानुसार 5 अभ्यर्थियों को मुख्य सूची में सफल घोषित किया गया है। इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

error: Content is protected !!