श्री शाश्वत सम्मेद शिखर को पर्यटन स्थल को घोषित करने का विरोध हुआ तेज

केकड़ी में जैन समाज सहित सभी के व्यवसायिक प्रतिष्ठान 21 को रहेंगे बंद

केकड़ी 20 दिसम्बर (पवन राठी) / सकल जैन समाज केकड़ी ने श्री शाश्वत सम्मेद शिखर तीर्थ स्थल को स्वतंत्र पहचान,पवित्रता और संरक्षण हेतु विश्व जैन संगठन द्वारा आयोजित देशव्यापी सिद्ध क्षेत्र सम्मेद शिखर बचाओ अभियान के तहत केकड़ी में जैन समाज आज 21 दिसंबर को अपने व्यवसायिक परिसर, प्रतिष्ठान व फैक्ट्री बंद रखेंगे। सरकारी कर्मचारी, प्राइवेट नौकरी करने वाले जैन व्यक्ति भी कार्य से अवकाश रखेंगे। साथ ही जैन बच्चों को भी विद्यालय नहीं भेजा जाएगा। सकल जैन समाज के आवाहन पर केकड़ी के सभी व्यापार मंडलों ने जैन समाज के समर्थन में आज केकड़ी बंद का ऐलान किया है।केकड़ी के कृषि उपज मंडी के व्यापारी, कपड़ा व्यापारी सहित किराना व्यापारी भी अपने व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रखेंगे।ज्ञात रहे कि 20 तीर्थकरों व अनन्त संतों की मोक्ष स्थल श्री सम्मेद शिखरजी पारसनाथ पर्वतराज गिरिडीह झारखंड को वन्य जीव अभ्यारण्य, पर्यावरण पर्यटन के लिए घोषित इको सेंसेटिव जोन के अन्तर्गत जोनल मास्टर प्लान पर्यटन मास्टर प्लान पर्यटन/धार्मिक पर्यटन स्थल से बाहर किए जाने और पारसनाथ पर्वतराज और मधुबन को मांस- मदिरा बिक्री मुक्त पवित्र जैन तीर्थ स्थल घोषित किए जाने व पर्वतराज के वंदना मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करने की मांग की गई। पर जैन समाज की इन मांगो को केंद्र व झारखंड सरकार द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसके विरोध में आज सकल दिगंबर जैन समाज श्वेतांबर समाज द्वारा जैन समाज के व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को बंद का आह्वान किया जिसको सभी व्यापारिक एसोसिएशन ने समर्थन किया है।

error: Content is protected !!