सावर में बनेगी नगरपालिका, शहरी सरकार आने से तेज होगी तरक्की : डॉ रघु शर्मा
अजमेर, 16 फरवरी। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की ओर से गुरुवार को विधानसभा में दिए बजट रिप्लाई में केकड़ी विधानसभा के लिए सौगातों की बारिश की गई। केकड़ी का दर्जा बढाते हुए अब यहां अतिरिक्त जिला कलक्टर कार्यालय की सौगात दी गई है। इसी तरह सावर में नगर पालिका सहित विधानसभा क्षेत्र में कई अहम घोषणाएं की गई है। पूर्व चिकित्सा मंत्री एवं विधायक डॉ रघु शर्मा ने मुख्यमंत्री का आभार जताया है।
केकड़ी विधायक डॉ रघु शर्मा ने बताया कि गुरुवार को मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की ओर से बजट रिप्लाई में केकड़ी के लिए कई अहम घोषणाएं की गई। बजट रिप्लाई में केकड़ी में अतिरिक्त जिला कलक्टर कार्यालय (एडीएम कार्यालय) खोलने की घोषणा की गई है। अब अजमेर जिला मुख्यालय के अतिरिक्त केकड़ी ऐसा शहर है जहाँ एडीएम का कार्यालय चलेगा। इस निर्णय से केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के लोगों को राजस्व एवं अन्य कामकाज के लिए बड़ी राहत मिलेगी।
डॉ शर्मा ने बताया कि इसी तरह बजट रिप्लाई में केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के सावर में नगर पालिका की घोषणा की गई है। सावर में पहले से ही उपखण्ड एवं पंचायत समिति मुख्यालय है। सावर में स्थानीय शहरी सरकार बनने से विकास को नए पंख लगेंगे। शहर के विकास के लिए फंड उपलब्ध होगा।
डॉ शर्मा ने बताया कि इसी तरह कादेड़ा में नए सरकारी कॉलेज की घोषणा की गई है। इस फैसले से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा अध्ययन की सुविधा उनके घर के पास ही उपलब्ध होगी। आयुर्वेद के लिए प्रसिद्ध कालेड़ा कंवर जी में ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की घोषणा की गई है। इससे क्षेत्र के लोगों को एलोपैथी चिकित्सा की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि इसी तरह टांटोटी में नई पुलिस चौकी एवं गिरवरपुरा में अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय खोला जाएगा।
अजमेर जिला मुख्यालय के बाद केकड़ी जिले का ऐसा विधानसभा क्षेत्र बन गया है जहां चिकित्सा, शिक्षा, सड़क, पानी एवं बिजली सहित तमाम तरह की जिला स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हैं।