जिला कलक्टर से मिले अजमेर उत्तर विधायक, बताईं शहर की समस्याएं
– नवनियुक्त कलेक्टर के पदभार ग्रहण करते ही मिलने और शहर की समस्याओं को लेकर पहुंचे विधायक देवनानी
अजमेर, 17 मई। पूर्व शिक्षा मंत्री एवं अजमेर उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी ने नवनियुक्त जिला कलक्टर से मुलाकात कर शहर में पानी, बिजली, सड़क और सीवरेज जैसी समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि लगातार चेताने के बावजूद विभाग लापरवाही नहीं छोड़ रहे। जनता का धैर्य जवाब दे रहा है। जिला कलक्टर ने सभी समस्याओं के समयबद्ध निराकरण की बात कही है।
अजमेर उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी ने बुधवार को कलक्ट्रेट में जिला कलक्टर डॉ भारती दीक्षित से मुलाकात की। देवनानी ने उन्हें पानी, बिजली ,सड़क और सीवरेज की समस्या से अवगत कराया।
देवनानी ने कहा कि अजमेर शहर के कई हिस्सों में 72 से 96 घंटे में पानी सप्लाई हो रहा है। अंतिम छोर वाले इलाकों में बहुत कम प्रेशर से जलापूर्ति हो रही है। कई हिस्सों में लीकेज बने हुए है। विभाग ने शिकायतों के लिए कोई फोन नंबर सार्वजनिक नहीं किया है। भाजपा राज में बीसलपुर से स्टील की पाइपलाइन डलवाई गई थी। लेकिन एक पाइपलाइन अब भी पुरानी है। इसी से बार बार लीकेज हो रहा है। देवनानी ने कहा की स्टील पाइपलाइन डलवाने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा जाए। इसी तरह राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत हैंडपंप भी नहीं लगे है। अमृत योजना के तहत भी काम करवाय जाए. साथ ही शहर में पानी के बल्क मीटर लगाए जाएं ताकि वास्तविक वितरण का पता लग सके। देवनानी ने बताया कि 30 प्रतिशत से अधिक पानी लीकेज हो रहा है ,जिसके कारण पानी समुचित उपयोग भी नही हो पा रहा है। लीकेज का जलदाय विभाग की सुस्ती के कारण समय पर ठीक भी नही हो पा रही है। देवनानी ने बताया राज्य सरकार की घोषणा पर 40 हैंडपंप और 10 बोरवेल के प्रस्ताव बना कर भिजवाए गए है जो उनकी विधानसभा में लगने प्रतावित है। उनकी जल्द वित्तीय स्वीकृति जारी की जाए ताकि समय पर जल्द से जल्द खुदे और जनता को राहत मिले। उत्तर विधान सभा उत्तर क्षेत्र में फायसागर झील में 13 बोरवेल खुदने की वित्तीय स्वीकृति जारी हो गई है उनको भी खोदने का कार्य शुरू किया जाए ।
देवनानी ने बिजली व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई। उंहोने कहा कि ट्रिपिंग के कारण बार बार बिजली जा रही है। पेयजल की समस्या भी इसी कारण बनी हुई है। इसी तरह टाटा पॉवर भी आमजन की सुनवाई नहीं कर रहा। टाटा पावर किसी भी समस्या के निराकरण के लिए टोल फ्री नंबर पर शिकायत करने की बात करता है जबकि उसे अपने अधिकरियों के नंबर सार्वजनिक करने चाहिए।
देवनानी ने सड़कों की समस्या की भी जानकरी दी। देवनानी ने कहा की एलिवेटेड रोड के नीचे और शहर की कई सड़कें बेहद खराब हालत में हैं। इनमें तत्काल सुधार करवाया जाना अति आवश्यक है। शहर में कई जगह सड़कों पर गड्ढे हो गए हैं. इनमें सुधर की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री सड़क योजना की स्वीकृति पिछले साल से ही बकाया है। यह स्वीकृति जारी की जाए। इसी तरह सीवरेज व्यवस्था भी सुधारी जाए। आनासागर झील में नालों का गंदा पानी रोका जाए।