देवनानी ने मोदी की आमसभा को सफल बनाने के लिए उत्तर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का आभार जताया

भाजपा कार्यकर्ता मोदी सरकार की उपलब्धियां घर-घर पहुंचाएं, कांग्रेस शासन को उखाड़ फेंकने में जुटें-देवनानी
-सभा में पहुंचने के लिए नागरिकों में दिखाई दिया उत्साह
-सवा दो सौ बसों और तीन सौ से अधिक कारों, डेढ़ हजार से अधिक मोटर साइकिलों से पहुंचे कार्यकर्ता व नागरिक
-केसरिया पगड़ी पहने युवा मोर्चा कार्यकर्ता नाचते-गाते हुए पहुंचे
-उत्तर क्षेत्र से जाने वाली बसों व कारों पर पोस्टर व भाजपा के झंडे लगाए गए

वासुदेव देवनानी
अजमेर, 31 मई। पूर्व शिक्षा मंत्री व अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कायड़ विश्राम स्थली में आयोजित सभा को सफल बनाने पर उत्तर क्षेत्र के सभी पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और नागरिकों का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि अब पार्टी कार्यकर्ताओं को मोदी सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचा कर प्रदेश की कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने में जुट जाना चाहिए।
देवनानी ने बताया कि उत्तर क्षेत्र से आमसभा में हजारों की संख्या में नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। नागरिकों को ले जाने-लाने के लिए सवा दो सौ बसों और तीन सौ से अधिक कारों की व्यवस्था की गई। बसों और कारों पर मोदी के अजमेर आगमन पर स्वागत वाले पोस्टर और भाजपा के झंडे लगाए गए थे। करीब डेढ़ हजार से अधिक मोटर साइकिलों से कार्यकर्ता और नागरिक सभा में पहुंचे। केसरिया पगड़ी बांधे युवा मोर्चा कार्यकर्ता समूह के रूप में ढोल-ढमाके के साथ नाचते-गाते हुए पहुंचे।
देवनानी ने बताया कि सभा में जाने के लिए नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। अनेक नागरिक बसों की व्यवस्था के बारे में जानकारी लेते रहे। वे सभी जल्द से जल्द सभा में पहुंचना चाहते थे। अधिक से अधिक लोग सभा में शामिल हों, इसके लिए पूरी व्यवस्था की गई थी। कुछ स्थानों पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी की गई थी। इसके अलावा नागरिकों के लिए टेम्पो भी लगाए गए थे। जबकि सैकड़ों नागरिक अपने साधनों से भी सभा में पहुंचे।
देवनानी ने बताया कि मोदी का उद्बोधन जोश से लबरेज रहा, जो पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा साबित होगा। उन्होंने कहा कि मोदी ने अजमेर की धरती से महासंपर्क अभियान का शंखनाद कर दिया है, इसलिए अब हम सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को इस अभियान को सफल बनाने और आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए पूरी मुस्तैदी से जुट जाना चाहिए। उन्होंने कहा, मोदी ने भी अपने उद्बोधन में इस बात का जिक्र किया है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार अराजकता और अस्थिरता की सरकार है, जिससे विकास की उम्मीद करना पूरी तरह बेमानी है। कांग्रेस सरकार ने विकास के लिए कोई कदम नहीं उठाए, बल्कि प्रदेश को काफी पीछे धकेल दिया है। देवनानी ने कहा कि हम सभी की जिम्मेदारी है कि मोदी की भावनाओं के अनुरूप काम करें और भाजपा की सरकार बनाएं।
मेरे लिए आज का दिन गौरवपूर्ण
देवनानी ने कहा कि आज का दिन उनके जीवन का बहुत ही यादगार दिन साबित हुआ, जब उन्हें मोदी की सभा का मंच संचालन करने का अहम जिम्मा मिला। उनके लिए आज का दिन गौरवपूर्ण रहा है और वे अपने आपको इसके लिए भाग्यशाली मानते हुए यह जिम्मा सौंपने के लिए पार्टी नेतृत्व के आभारी हैं।

error: Content is protected !!