7 दिन में हालत नहीं सुधरे तो फ्रेंचाइजी एम.ओ.यू. पर करेंगे पुनर्विचार- देवनानी

अफसरों को फटकारा, जनता को राहत दें, समस्या सुनें और समाधान करें
अजमेर डिस्कॉम ने भी दिया नोटिस, जिला कलक्टर को भी दिए सख्ती के निर्देश

वासुदेव देवनानी
अजमेर, 27 जून। अजमेर शहर में बिजली संबंधी अनियमितताओं पर विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने सख्त नाराजगी जताई है। उन्होंने टाटा पावर के अफसरों को फटकारा और कहा कि सात दिन में हालात नहीं सुधरे तो राज्य सरकार फ्रेंचाइजी एम.ओ.यू. पर पुनर्विचार करेगी। टाटा पावर आमजन के फोन उठाए और समाधान करें। श्री देवनानी ने जिला कलक्टर और अजमेर डिस्कॉम को भी सख्त एक्शन लेने के निर्देश दिए। उनके निर्देशों के तहत डिस्कॉम ने भी टाटा पावर को नोटिस देकर जवाब तलब किया है। अजमेर शहर में बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर गुरूवार को शहर के लोगों ने विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी से मुलाकात की। इस पर संज्ञान लेते हुए श्री देवनानी ने तुरंत टाटा पावर के अफसरों को फोन लगा कर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि टाटा पावर को शहर की बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए फ्रेंचाइजी दी गई थी। लेकिन लम्बे समय से आमजन टाटा पावर की कार्यशैली और अव्यवस्थाओं से नाराज हैं। बिजली कटौती और गायब रहने की समस्याएं सामने आ रही हैं। टाटा पावर अपनी कार्यशैली सुधारे या कार्यवाही के लिए तैयार रहे।
उन्होंने टाटा पावर को निर्देश दिए कि एक सप्ताह में अपनी कार्यशैली, रवैये, समस्या समाधान और आमजन को जवाब देने की स्थिति सुधारे। अगर टाटा पावर सुधार नहीं करता है तो राज्य सरकार से बात कर फ्रेंचाइजी एम.ओ.यू.तर्् पर पुनर्विचार किया जाएगा। टाटा पावर सभी कार्यालयों पर मैन पावर बढ़ाए, मेंटीनेंस और सुधारों पर ध्यान दें, लोड कैपेसिटी बढ़ाए और कामकाज के हाल सुधारे।
उन्होंने जिला कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित और अजमेर डिस्कॉम के चीफ इंजीनियर मुकेश बाल्दी को भी निर्देश दिए कि इस लापरवाही के खिलाफ सख्त एक्शन लें। टाटा पावर अगर एम.ओ.यू. के नियम व शर्तों का उल्लंघन कर रहा है तो उसके खिलाफ कार्यवाही करें। टाटा पावर की जनता के प्रति जवाबदेही तय होनी चाहिए।
उधर विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी के निर्देशों के तहत अजमेर डिस्कॉम ने भी टाटा पावर को नोटिस देकर जवाब तलब किया है। डिस्कॉम ने अपने नोटिस में कहा कि टाटा पावर यह बताए कि अजमेर शहर में एल.टी. व एच.टी. लाईन्स संबंधी मेंटिनेंस के लिए विद्युत क्षेत्र में वर्तमान में कितनी मैन पावर टीम कार्य कर रही है। उनके अधीनस्थ कितने कर्मचारी कार्यरत है। प्रत्येक टीम के कार्मिकों को क्या कार्य आवंटित किया जाता है। इसकी संपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराए। जब टी.पी.ए.डी.एल. द्वारा अजमेर शहर की विद्युत सप्लाई वितरण का कार्य शुरू किया गया था तब शिफ्टिंग पेर्टन वित्तीय वर्ष 2017-18 क्या था व तत्समय कुल कितने कर्मचारी टी.पी.ए.डी.एल. में व आउटसोर्सिंग (अनुबंध के आधार पर) के रूप में कार्यरत थे। प्रत्येक वर्ष की स्वीकृत व कार्यरत पदों की संख्या आदिनांक तक वर्षवार उपलब्ध कराएं। साथ ही वर्तमान में मौजूद संपूर्ण स्टाफ मय काडर की सूचना विस्तृत रूप से उपलब्ध कराएं। टी.पी.ए.डी.एल. के अधीनस्थ अधिकारियों/कर्मचारियों के सभी काडर की वांछित शैक्षणिक योग्यता व अनुभव क्या है। वर्तमान में कार्यरत व पदस्थापित कर्मचारियों की वास्तव में योग्यता व अनुभव क्या है। वर्तमान में कार्यरत सभी कर्मचारियों के नाम व पदवार मय योग्यता, अनुभव आदि की जानकारी उपलब्ध कराएं।
इसी तरह टाटा पावर द्वारा आपदा व आपातकालीन परिस्थितियों की पूर्ण रोकथाम करने के लिए पूर्व में कितनी टीमें थी व उनको क्या-क्या कार्य आंवटित थे। वर्तमान में विद्युत भार वृद्धि होने के मद्देनजर विद्युत टीमों की संख्या और कार्मिकों की वृद्धि हेतु क्या अपगे्रडेशन व सुधार किए गए है तथा आने वाले दो वर्षों में विद्युत लोड बढ़ने पर टी.पी.ए.डी.एल. की मानव संसाधनों में वृद्धि की क्या योजना होगी। विस्तार से स्थिति स्पष्ट करें।
इसी तरह टी.पी.ए.डी.एल.अजमेर को विगत 3 वर्षो में कितने विद्युत संबंधी परिवाद प्राप्त हुए है। टाटा पावर द्वारा किन-किन अधिकारियों व कर्मचारियों के विरूद्ध क्या अनुशासनात्मक कार्यवाही अमल में लाई गई है। प्रायः देखा गया है कि कर्मचारियाें के वर्ष में कई बार स्थानांतरण होते रहते है। अतः टी.पी.ए.डी.एल. स्थानांतरण पॉलिसी की जानकारी उपलब्ध कराएं।

पेराफेरी में आबादी विस्तार और बारिश से पूर्व ड्रेनेज और जलभराव समस्या का निराकरण करें -श्री देवनानी
विधानसभा अध्यक्ष ने जिला कलक्टर व एडीए आयुक्त को दिए निर्देश

अजमेर, 27 जून। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने निर्देश दिए हैं कि जिला प्रशासन अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के पेराफेरी गांवों में आबादी विस्तार का कार्य जुलाई तक पूर्ण करे। उन्होंने कहा कि बारिश के पूर्व ड्रेनेज और जलभराव की समस्या को चिंहित कर बचाव के इंतजाम कर लिए जाएं। शहर में सीवरेज के मेनहोल की समस्या भी सुधार ली जाए।

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने गुरूवार को सर्किट हाउस में जिला कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित एवं एडीए आयुक्त नित्या के. से शहर के विकास को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के पेराफेरी गांवों में लम्बे समय से आबादी विस्तार नहीं हुआ है। ग्रामीणों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पेराफेरी गांवों में आबादी विस्तार की तुरंत जरूरत है। आबादी विस्तार का कार्य जुलाई तक पूर्ण कर लिया जाए। इसी तरह फॉयसागर रोड़ एवं हाउसिंग बोर्ड की कॉलोनियॉं नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में नहीं होने के कारण वहां सफाई, रोशनी, नक्शा एवं अन्य विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं। इन कॉलोनियों को यथाशीघ्र नगर निगम को हस्तांतरित किया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि आने वाले दिनों में बारिश को ध्यान में रखते हुए फॉयसागर एवं आनासागर झील के ओवर फ्लो पानी से बस्तियों को बचाने, ड्रेनेज एवं निकासी को उचित व्यवस्था की जाए। सड़कों पर पानी नहीं भरना चाहिए। शहर में सीवरेज की समस्या का हल निकाला जाए। सड़कों पर सीवरेज के मेनहोल के ढक्कन खुले हैं, जगह-जगह गड्ढे हैं, इससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। इसे शीघ्र सुधारा जाए। आनासागर व फॉयसागर झील में आने वाले पानी के ट्रीटमेंट के लिए नए ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जाएं। नालों पर मिनी एसटीपी बनाए जाएं ताकि पूरा पानी साफ होकर ही झील में जाए। सीवरेज चैम्बरों की नियमित सफाई हो।

जिला कलक्टर ने बताया कि फॉयसागर झील के चारों तरफ चारदीवारी बनाने के लिए 5 करोड़ रूपए की योजना स्वीकृत की गई है। पिछले दिनों श्री देवनानी ने इसके लिए निर्देशित किया था। उन्होंने एडीए को निर्देश दिए कि कोटड़ा स्थित विवेकानंद पार्क में स्वामी विवेकानंद की मूर्ति स्थापना की जाए। नगर निगम के नए भवन के पास उच्च क्षमता का नया सभागार बनवाया जाए। पार्कों का जीर्णोद्धार व ओपन जिम की मरम्मत करवाई जाए। जहां जिम नहीं है, वहां नए प्रस्ताव बनाए जाएं। मित्तल अस्पताल से टेलीफोन एक्सचेज तक सड़क तैयार करवाई जाए। नई आवासीय योजनाएं विकसित की जाए। शास्त्री नगर से लोहागल तक स्ट्रीट लाइट लगवाई जाएं। बांडी नदी के दोनों तरफ पाथ वे निर्मित करवाया जाए।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!