स्मार्ट नागरिक बनायेंगे स्मार्ट सिटी

अनंत भटनागर

सरकार की बहु प्रचारित स्मार्ट सिटी योजना 31 मार्च को समाप्त हो गई है। यानी शहरों को स्मार्ट बनाने की जिम्मेदारी से सरकार ने अपने आपको अलग कर लिया है।

दस साल के इस अभियान में देश के कितने शहर सचमुच स्मार्ट बने, इसका मूल्यांकन करने जाएंगे तो निराशा ही हाथ लगेगी। हां नेताओं , अधिकारियों,इंजीनियर्स, निर्माण कंपनियों और ठेकेदारों की स्मार्ट कारगुज़ारियों को हर कहीं देखा जा सकता है।
अजमेर में हुई स्मार्टनेस का अंदाजा तो इस लिहाज से ही लगाया जा सकता है कि अधिकांश महत्वपूर्ण निर्माण जमींदोज किए जाने के आदेश हो चुके हैं।जो बचेंगे उनकी उपयोगिता और गुणवत्ता प्रश्नों के घेरे में है।
जब सरकार ने स्मार्ट सिटी के स्वप्न को त्याग दिया है तो नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वह शहर की व्यवस्था को चुस्तदुरुस्त करने में अपनी भूमिका आगे बढ़ाए। “अजमेर फोरम ” एक नागरिक समूह के रूप में पुनः अपनी भूमिका को आगे बढ़ाने के लिए सक्रिय हो रहा है।
अजमेर फोरम ने शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर पहलकदमी प्रारंभ कर दी है। अजमेर फोरम की कल आयोजित एक बैठक में शहर के उन चिन्हित ट्रैफिक प्वाइंट्स पर चर्चा की गई जो पूरे शहर की व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं। बैठक में निर्णय लिया गया कि फोरम शहर के यातायात सम्बन्धी समस्याओं के निराकरण के लिए एक व्यावहारिक योजना बना कर नागरिकों,व्यापारियों,यातायात अधिकारियों तथा नगर निगम के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा। फोरम आम नागरिकों द्वारा स्वैच्छिक पहल पर भी बल देगी।
बैठक में सर्वप्रथम नया बाजार क्षेत्र की यातायात व्यवस्था पर कार्य आरम्भ करने पर सहमति हुई।शनिवार को फोरम के सदस्य अमित डाणी के निवास पर आयोजित बैठक में व्यापार महासंघ के अध्यक्ष किशन गोपाल गुप्ता, नया बाजार व्यापारिक संघ के अध्यक्ष अमित डाणी सहित संघ के अनेक वरिष्ठ सदस्यों एवं नगर के कई प्रबुद्ध जन ने भाग लिया। नया बाजार के व्यापारियों नें बताया कि शहर के इस प्रमुख बाजार में प्रवेश के सभी रास्ते बंद हो जाने से यह बाजार लगभग खत्म हो गया है इस पर सभी सदस्यों ने सबसे पहले नया बाजार क्षेत्र से ही जागरुकता एवं समाधान अभियान शुरू करने पर सहमति व्यक्त की।
इससे पूर्व फोरम के सदस्यों ने नगर के विभिन्न ट्रैफिक प्वाइंट्स पर तैयार की गई अपनी- अपनी सर्वे रिपोर्ट पेश की।
बैठक में गणेश चौधरी एवं राजेन्द्र गुप्ता ने वैशाली नगर , अब्दुल सलाम कुरैशी नें अलवर गेट एवं नगरा क्षेत्र, सैयद सलीम नें स्टेशन रोड, सूर्य प्रकाश गांधी नें पुष्कर रोड, अमित डाणी, कमल किशोर एवं अनुज गुप्ता व विजय जैन ने नया बाजार, गिरीश भाषानी नें आदर्श नगर क्षेत्र की यातायात चुनौतियों पर सचित्र रिपोर्ट पेश की। बैठक में सर्व डॉ रमेश अग्रवाल,श्री वेद माथुर, रास बिहारी गौड़, सोम रत्न आर्य, एस.पी. मित्तल, रजनीश रोहिल्ला एवं डॉ अनंत भटनागर ने भी विचार व्यक्त किये।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!