कड़ाके की सर्दी व घने कोहरे के चलते स्कूली बच्चों के हित में अवकाश की मांग

अजमेर 4 जनवरी2026 ।
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने कड़ाके की सर्दी एवं घने कोहरे को देखते हुए स्कूली छात्रों, विशेषकर छोटे बच्चों, के हित में जिला प्रशासन से अवकाश घोषित करने की मांग की है।

डॉ. जयपाल ने बताया कि शीतकालीन अवकाश के बाद मंगलवार जनवरी 2026 से स्कूल खुलने जा रहे हैं, लेकिन वर्तमान में पड़ रही भीषण ठंड और घने कोहरे के कारण नर्सरी से कक्षा पांच तक के मासूम बच्चों को सुबह-सुबह सर्द हवाओं में स्कूल भेजना सुरक्षित नहीं है। सुबह के समय दृश्यता अत्यंत कम रहती है, जिससे सड़क हादसों की आशंका बढ़ जाती है। ऑटो, बस और दोपहिया वाहनों से आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा बना रहता है।

उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में सुबह के समय कोहरे के कारण कुछ दूरी पर भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा है। शहर एवं हाईवे पर वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और धीमी गति व हेडलाइट के सहारे वाहन चलाए जा रहे हैं। यदि ऐसे हालात स्कूल समय में रहे, तो बच्चों के आवागमन में जोखिम और अधिक बढ़ सकता है, साथ ही सर्द हवाओं व गलन से बच्चों के बीमार पड़ने की भी आशंका है।

डॉ. राजकुमार जयपाल ने जिला कलेक्टर अजमेर से जनहित में मांग की है कि नर्सरी से कक्षा पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए एक सप्ताह का अवकाश घोषित किया जाए तथा कक्षा छह से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल समय सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक निर्धारित किया जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुनिश्चित हो सके।

डॉ. राजकुमार जयपाल ने प्रशासन का ध्यान कड़ाके की सर्दी में गरीब, असहाय एवं बेघर लोगों की स्थिति की ओर भी आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में शहर में रैन बसेरों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, जिससे खुले में रहने को मजबूर लोग भीषण ठंड में गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि जनहित में तत्काल प्रभाव से अस्थायी रैन बसेरों की संख्या बढ़ाई जाए तथा मौजूदा रैन बसेरों में कंबल, गर्म पानी और प्राथमिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति ठंड के कारण असहाय न रहे।

उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन बच्चों के हित को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा।

कमल वर्मा
प्रवक्ता
शहर जिला कांग्रेस कमेटी अजमेर

error: Content is protected !!