वर्द्धमान रूट्स में स्पोर्ट्स वीक का हुआ समापन
श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित शिक्षण संस्थान वर्द्धमान इंटरनेशनल स्कूल वर्द्धमान रूट्स में नन्हे खिलाड़ियों के खेल दिवस का भव्य आयोजन अत्यंत उत्साह और उल्लासपूर्ण वातावरण में किया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय की पी जी, नर्सरी एवं LKG HKG कक्षाओं के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी ऊर्जा, मासूमियत तथा आत्मविश्वास से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ नरेंद्र पारख एवं अकादमिक प्रभारी एवं कॉलेज प्राचार्य डॉ आर सी लोढ़ा का विद्यालय के नन्हे बच्चों ने मांगलिक तिलक लगाकर, माला पहनाकर एवं विद्यालय की प्राचार्या श्वेता नाहर ने बुके देकर भावभीना अभिनंदन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों के उत्साहवर्धन एवं खेल भावना के संदेश के साथ की गई। विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों, झंडियों और आकर्षक सजावट से सजाया गया, जिससे वातावरण और भी आनंदमय बन गया। नन्हे बच्चों के लिए विशेष रूप से कोन और बाल रेस , रिंग रेस, कोन हर्डल और रिंग रेस,पिकअप एंड ड्रॉप द कोंस, मैथ्स रेस, बाल ड्रॉप रेस, होप रन रेस, हैप्पी किड्स रेस, लिटिल बिल्डर रेस, स्मार्ट मूव रेस, ब्रेनी स्प्रिंट रेस, नो ड्रॉप बैलून रेस, बैरियर रेस,फन रेस, रनिंग रेस, बॉल कलेक्शन रेस, बैलेंस रेस, कैरी द बॉल, चेयर्स रेस,रिंग और कोन रेस,फादर रेस,गारलैंड रेस मदर किड्स राउंड, क्राल द हर्डल तथा विभिन्न एक्टिविटी गेम्स आयोजित किए गए, जिनमें बच्चों ने पूरे जोश और उमंग के साथ भाग लिया।
छोटे-छोटे कदमों से दौड़ते बच्चों की मुस्कान और तालियों की गूंज ने सभी अभिभावकों एवं शिक्षकों का मन मोह लिया। बच्चों ने खेलों के माध्यम से अनुशासन, सहयोग और आत्मविश्वास का सुंदर प्रदर्शन किया। प्रत्येक बच्चे का उत्साह सराहनीय रहा और सभी ने खेल भावना के साथ गतिविधियों में भाग लिया।
खेल दिवस के दौरान PG कक्षा के माता-पिता ने भी पूर्ण उत्साह के साथ सहयोग किया। अभिभावकों के लिए विशेष खेल गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें उन्होंने बढ़-चढ़कर भाग लिया। माता-पिता की भागीदारी से बच्चों का आत्मविश्वास और उत्साह दोगुना हो गया। बच्चों ने अपने माता-पिता को खेलों में भाग लेते देखकर तालियों और मुस्कान के साथ उनका उत्साहवर्धन किया, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी खुशनुमा बन गया।
विद्यालय की प्राचार्या एवं शिक्षकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलकूद बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों में आत्मनिर्भरता, साहस और सकारात्मक सोच को विकसित करती हैं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर
समापन समारोह के मुख्य अतिथि श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ नरेंद्र पारख एवं अकादमिक प्रभारी एवं कॉलेज प्राचार्य डॉ आर सी लोढ़ा ने पुरस्कार एवं मेडल वितरण समारोह में खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम,,द्वितीय ,,तृतीय बच्चों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विजेता बच्चों के चेहरे पर खुशी और गर्व की चमक देखने लायक थी। साथ ही सभी प्रतिभागी बच्चों का भी तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहवर्धन किया गया, जिससे उनका आत्मविश्वास और बढ़ा।
इस अवसर पर उपस्थित अभिभावकों ने बच्चों की प्रतिभा और विद्यालय के सफल आयोजन की सराहना की।
इस प्रकार वर्द्धमान रूट्स स्कूल में आयोजित नन्हे बच्चों का खेल दिवस समारोह सफल, आनंददायक और अविस्मरणीय रहा, जो सभी के लिए एक सुखद एवं प्रेरणादायक अनुभव बन गया।