अजमेर, 22 जून। भारतीय डाक विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निर्यात संबंधी सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी स्थानीय निर्यातकों तक पहुंचाने तथा डाक विभाग एवं निर्यातकों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से सोमवार को अजमेर डाक मण्डल के तत्वावधान में पुष्कर स्थित होटल स्टर्लिन में एक्सपोर्टर मीट का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रवर अधीक्षक डाकघर, अजमेर मण्डल ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक निदेशक डाक सेवाएं (व्यवसाय विकास एवं मेल्स), क्षेत्रीय कार्यालय अजमेर श्री वी.एस. जैन रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल फॉर हैंडीक्राफ्ट्स, जोधपुर के क्षेत्रीय अधिकारी श्री गोपाल शर्मा, जीएसटी विभाग अजमेर के अतिरिक्त आयुक्त श्री मुकेश मुद्गल तथा अधीक्षक श्री दिनेश शर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय कार्यालय अजमेर से सहायक अधीक्षक श्री घेवर चन्द, डाक विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि तथा अजमेर जिले के अनेक निर्यातकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर प्रवर अधीक्षक डाकघर, अजमेर द्वारा सभी अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान भारतीय डाक विभाग की निर्यात सेवाओं, अंतरराष्ट्रीय पार्सल सुविधाओं, लॉजिस्टिक समाधान तथा निर्यातकों को प्रदान की जाने वाली विभिन्न व्यावसायिक सेवाओं की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
जयपुर जीपीओ के बिजनेस पोस्ट सेंटर (बीपीसी) के प्रबंधक श्री कोमल प्रसाद कुमावत ने डाक निर्यात केन्द्र (Postal Export Centre) की कार्यप्रणाली एवं उससे मिलने वाले लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारतीय डाक विभाग छोटे एवं मध्यम निर्यातकों को किफायती, सुरक्षित एवं विश्वसनीय निर्यात सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम का संचालन निरीक्षक डाकघर, किशनगढ़ श्री सुधांशु शर्मा ने किया। एक्सपोर्टर मीट के दौरान निर्यातकों एवं विभागीय अधिकारियों के बीच संवाद स्थापित हुआ तथा निर्यात प्रक्रिया को अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने इस प्रकार के आयोजनों को निर्यात संवर्धन एवं विभागीय समन्वय के लिए उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की।