कोलकाता में राजस्थान फोरम सहित 15 से अधिक संस्थाओं ने किया अभिनंदन, उद्योगपतियों एवं व्यापारियों से प्रदेश के विकास में भागीदारी का किया आह्वान
अजमेर, 2 जुलाई। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने प्रवासी राजस्थानी उद्योगपतियों एवं व्यापारियों से आह्वान किया है कि वे मातृभूमि राजस्थान लौटकर निवेश करें तथा प्रदेश के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि राजस्थान आज निवेश, उद्योग, पर्यटन, आधारभूत संरचना एवं व्यापार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा यहां निवेश की अपार संभावनाएं उपलब्ध हैं।
कोलकाता में आयोजित राजस्थान फोरम के कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी का भव्य अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान फ़ोरम के तत्वावधान में कोलकाता और हावड़ा की लगभग 15 से ज्यादा संस्थाओं ने श्री देवनानी का भव्य स्वागत और सम्मान किया। राजस्थान परिषद के महामंत्री श्री अरुण प्रकाश मल्लावत भी विशेष रूप से उपस्थित थे। इस अवसर पर देश के प्रतिष्ठित उद्योग समूह श्री सीमेंट के श्री हरिमोहन बांगड़ सहित अनेक उद्योगपति, व्यापारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित भारत की ओर अग्रसर देश
श्री देवनानी ने कहा कि देश आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में पूरे देश में व्यापक स्तर पर कार्य हो रहा है। इस राष्ट्रीय अभियान में प्रवासी राजस्थानी उद्योगपतियों एवं व्यापारियों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से इस संकल्प में सहभागी बनने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा राजस्थान
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सुशासन, निवेश, औद्योगिक विकास एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। राज्य सरकार की उद्योग एवं निवेश अनुकूल नीतियों तथा ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने वाले निर्णयों के कारण राजस्थान निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों को प्रोत्साहन देने, निवेशकों को सरल एवं पारदर्शी प्रक्रियाएं उपलब्ध कराने तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है। ऎसे में प्रवासी राजस्थानी अपने अनुभव, संसाधन एवं पूंजी का उपयोग मातृभूमि के विकास में करें।
राजस्थानियों ने देशभर में बढ़ाया सम्मान, अब मातृभूमि की सेवा का समय
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राजस्थानियों ने देश के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी मेहनत, ईमानदारी और उद्यमशीलता से विशिष्ट पहचान बनाई है तथा प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। अब समय आ गया है कि प्रवासी राजस्थानी अपने अनुभव और संसाधनों के माध्यम से मातृभूमि राजस्थान की प्रगति में भी सक्रिय योगदान दें।
उन्होंने कहा कि राजस्थान आज उद्योग, पर्यटन, शिक्षा, कृषि, अवसंरचना और नवाचार सहित प्रत्येक क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा निवेश के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध है।
कोलकाता प्रवास के दौरान विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी से अनेक प्रमुख उद्योगपतियों एवं व्यापारियों ने भेंट की। इस दौरान राजस्थान में निवेश, औद्योगिक विस्तार एवं विकास की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। उपस्थित उद्योगपतियों एवं व्यापारिक प्रतिनिधियों ने राजस्थान के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर इंटरनेशनल वैश्य फेडरेशन (वेस्ट बंगाल), श्री सालासर बालाजी सेवक वृंद (बांधाघाट), प्रेम मिल (कोलकाता), श्री श्याम मंदिर घुसुड़ीधाम, राजस्थान विकास परिषद, श्री बड़ाबाजार लोहापट्टी सेवा समिति, माहेश्वरी सभा (कोलकाता), श्री माहेश्वरी सेवा समिति, मानिकतल्ला चालता बागान लोहापट्टी दुर्गा पूजा कमेट, सुजानगढ़ नागरिक परिषद, श्री बड़ा बाजार लोहा पट्टी सेवा समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
श्री देवनानी ने श्री शुभेन्दु अधिकारी से की शिष्टाचार भेंट
राजस्थान फोरम द्वारा कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम के पश्चात राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेन्दु अधिकारी से शिष्टाचार भेंट की। भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच समसामयिक विषयों, लोकतांतिर््क मूल्यों तथा विभिन्न राज्यों के विकास से जुड़े मुद्दों पर सौहार्दपूर्ण चर्चा हुई। श्री देवनानी ने राजस्थान फोरम द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए प्रवासी राजस्थानियों की सामाजिक एवं सांस्कृतिक भूमिका की भी प्रशंसा की।
नवगठित सरकार के विधायकों को दी शुभकामनाएं
श्री देवनानी ने इस अवसर पर नवगठित सरकार के विधायकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने तथा जनसेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। कोलकाता प्रवास के दौरान विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे।