मदार से रामेश्वरम-मदुरई के लिए विशेष वातानुकूलित ट्रेन हुई रवाना, देवनानी ने दिखाई हरी झंडी

अजमेर, 20 जुलाई। राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग की ओर से संचालित वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के अन्तर्गत सोमवार को मदार रेलवे स्टेशन से रामेश्वरम-मदुरई के लिए विशेष तीर्थ यात्री ट्रेन रवाना की गई। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने रेलवे स्टेशन पर उपस्थित होकर इस ट्रेन को हरी झण्डी दिखाई और सभी बुजुर्ग यात्रियों की सुखद व मंगलमय यात्रा की कामना की।

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने विभिन्न कोच में बैठे तीर्थ यात्रियों के साथ वार्तालाप किया। सरकार की तीर्थ यात्रा योजना में लॉटरी के माध्यम से चयनित होने के लिए बधाई दी। यात्रियों को उपलब्ध करवाई जाने वाली सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी दी एवं तीर्थ यात्रियों की कुशलक्षेम पूछी।

     उन्होंने तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तीर्थयात्रा न केवल धार्मिक आस्था का विषय है, बल्कि यह व्यक्ति के मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का भी माध्यम है। इस प्रकार की योजनाएं समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं और लोगों को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने का कार्य करती हैं। वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण और सार्थक पहल है, इसके माध्यम से प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन का अवसर प्राप्त हो रहा है।

देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त श्री गिरीश कुमार बचानी ने बताया कि इस वातानुकूलित ट्रेन के माध्यम से कुल 970 वरिष्ठ नागरिकों को रामेश्वरम-मदुरई की पवित्र तीर्थ यात्रा का लाभ मिल रहा है। इस यात्रा के अन्तर्गत अजमेर जिले के 510 एवं भीलवाड़ा जिले के 460 चयनित तीर्थ यात्रियों को शामिल किया गया है। मदार रेलवे स्टेशन से रवाना होने के बाद यह ट्रेन भीलवाड़ा पहुंची। जहां से भीलवाड़ा जिले के सहयात्रियों को लेकर आगे के लिए प्रस्थान किया गया। इससे दोनों जिलों के वरिष्ठ नागरिकों को अपने जीवन के इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर सुगमता से देव दर्शन का अवसर प्राप्त हो सकेगा।

उन्होंने बताया कि यह संपूर्ण यात्रा कुल 7 दिवसीय होगी। इसकी समस्त व्यवस्थाएं देवस्थान विभाग द्वारा इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) के माध्यम से करवाई जा रही हैं। यात्रा के दौरान सभी बुजुर्ग तीर्थ यात्रियों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन, सुरक्षित आवास, यात्रा गाइड, सुरक्षा तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही हैं। राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना को लेकर रवाना हुए यात्रियों और उनके परिजनों में भारी उत्साह देखा गया। जिला प्रशासन एवं देवस्थान विभाग के अधिकारियों ने यात्रियों की सकुशल यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!