वर्द्धमान रूट्स स्कूल में रचनात्मकता और संस्कारों से सजी राखी प्रतियोगिता

नन्हे हाथों ने बुनी प्रेम की डोर, माताओं की सहभागिता ने बढ़ाई आयोजन की गरिमा
वर्द्धमान रूट्स स्कूल में रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में राखी प्रतियोगिता का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य नन्हे विद्यार्थियों में रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों एवं भाई-बहन के अटूट प्रेम की भावना को बढ़ावा देना रहा। प्रतियोगिता में प्ले ग्रुप, नर्सरी, एल.के.जी. एवं एच.के.जी. के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्ले ग्रुप एवं नर्सरी के बच्चों के साथ उनकी माताओं ने भी प्रतियोगिता में सहभागिता निभाई, जबकि एल.के.जी. एवं एच.के.जी. के बच्चों ने स्वयं अपने नन्हे हाथों से सुंदर एवं आकर्षक राखियां तैयार कीं।
रंग-बिरंगे धागों, मोतियों, सितारों, फूलों एवं विभिन्न सजावटी सामग्रियों से तैयार की गई राखियों में बच्चों की कल्पनाशक्ति और रचनात्मकता की सुंदर झलक देखने को मिली। नन्हे हाथों से राखियां बनाते बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था। इस अवसर पर विद्यालय परिसर रक्षाबंधन की खुशियों और उल्लास से सराबोर नजर आया। बच्चों द्वारा बनाई गई राखियों में भाई-बहन के पवित्र प्रेम, स्नेह और अटूट रिश्ते की भावनात्मक झलक दिखाई दी। प्रतियोगिता ने बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय परंपराओं एवं संस्कारों से जुड़ने का सुंदर अवसर प्रदान किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर वर्द्धमान स्कूल के प्रधानाचार्य श्री अरविंद जी नाहर एवं वर्द्धमान रूट्स की प्रधानाचार्या श्रीमती श्वेता नाहर ने सभी प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों की रचनात्मकता और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों के आत्मविश्वास, कल्पनाशक्ति और रचनात्मक कौशल को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रतियोगिता में प्ले ग्रुप वर्ग में प्रथम स्थान रियांश जैन, द्वितीय नित्यश्री शर्मा एवं तृतीय तीर्थ बोहरा ने प्राप्त किया। नर्सरी वर्ग में प्रथम अथर्व स्वामी, द्वितीय आरिका जैन एवं तृतीय कियांश पीपाड़ा रहे। एल.के.जी. वर्ग में प्रथम ताश्वी शर्मा, द्वितीय रीत जैन एवं तृतीय सिद्धिक्षा सोलंकी ने स्थान प्राप्त किया। वहीं एच.के.जी. वर्ग में प्रथम वर्षा सेन, द्वितीय दर्शी खत्री एवं तृतीय जियांश गरवा रहे।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन विद्यालय की शिक्षिकाओं द्वारा रचनात्मकता, सजावट एवं प्रस्तुति के आधार पर किया गया। प्ले ग्रुप एवं नर्सरी के लिए अध्यापिकाएँ नीरज, प्रतीक्षा एवं स्वाति तथा एल.के.जी. के लिए अध्यापिकाएँ अनुग्या एवं निर्मला निर्णायक रहीं। एच.के.जी. वर्ग में पूरवी एवं प्रियांशी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में बच्चों के साथ उनकी माताओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। माताओं के सहयोग और बच्चों की रचनात्मकता के सुंदर समन्वय ने आयोजन को और भी खास बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को उपहार एवं प्रमाण-पत्र वितरित कर सम्मानित किया तथा उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार उत्साहपूर्वक विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!