अजमेर। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशियों की कथित सूचियों को लेकर अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट करते हुए सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं दावेदारों से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील की है।
डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अभी तक किसी भी वार्ड से प्रत्याशियों की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही सूचियां पूरी तरह भ्रामक एवं अपुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गलत सूचियों के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं दावेदारों में भ्रम पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है।
अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं दावेदारों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों तथा सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें। पार्टी के आधिकारिक निर्णय का इंतजार करें और संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करें।
उन्होंने कहा कि टिकटों की घोषणा पार्टी के प्रदेश नेतृत्व द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत आधिकारिक रूप से की जाएगी। प्रदेश नेतृत्व जिस नाम पर अंतिम मुहर लगाएगा, वही कांग्रेस का अधिकृत प्रत्याशी होगा।
डॉ. जयपाल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मुख्य उद्देश्य नगर निगम चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करना और नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनाना है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि पार्टी के आधिकारिक ऐलान तक धैर्य एवं संयम बनाए रखें और चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुट जाएं।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के वार रूम से जारी होगी अधिकृत सूची
डॉ. राजकुमार जयपाल ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस प्रत्याशियों की अधिकृत सूची प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वार रूम से जारी होगी। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय द्वारा आधिकारिक रूप से सूची जारी किए जाने के बाद ही किसी नाम को कांग्रेस का अधिकृत प्रत्याशी माना जाएगा। इससे पहले सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से सामने आने वाली किसी भी सूची को अधिकृत न माना जाए।
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने कहा कि सोशल मीडिया पर कांग्रेस प्रत्याशियों के नाम से वायरल की जा रही किसी भी सूची को कांग्रेस की अधिकृत सूची नहीं माना जाए। पार्टी की ओर से अभी तक किसी भी वार्ड के प्रत्याशी के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस संगठन पूरी तरह निर्धारित प्रक्रिया के तहत टिकट वितरण का कार्य कर रहा है। प्रत्येक वार्ड से दावेदारों के नामों पर विचार-विमर्श के बाद तीन नामों का पैनल प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय को भेजा गया है। अब अंतिम निर्णय प्रदेश नेतृत्व द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिस नाम पर प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व की अंतिम मुहर लगेगी, वही कांग्रेस का अधिकृत प्रत्याशी होगा। इससे पहले किसी भी नाम को कांग्रेस प्रत्याशी बताना गलत और भ्रामक है।