खेल मैदान में दिखा जोश, खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर

39वें खेलोत्सव ‘जयघोष’ के दूसरे दिन कुलगुरु ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

अजमेर, 18 सितंबर। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के 39वें खेलोत्सव ‘जयघोष’ के दूसरे दिन शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने योगासन, टेबल टेनिस और शतरंज सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने प्रतियोगिता स्थलों पर पहुंचकर खिलाड़ियों से संवाद किया और उनके उत्साह एवं खेल भावना की सराहना करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, धैर्य और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में दोनों की समान रूप से महत्वपूर्ण भूमिका है।

खेलोत्सव के दूसरे दिन योगासन, टेबल टेनिस और शतरंज की प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। योगासन के पुरुष वर्ग में 4 तथा महिला वर्ग में 8 टीमों सहित कुल 67 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। टेबल टेनिस के पुरुष वर्ग में 4 और महिला वर्ग में 3 टीमों के कुल 26 खिलाड़ी प्रतियोगिता में शामिल हुए। वहीं शतरंज में पुरुष वर्ग की 8 तथा महिला वर्ग की 6 टीमों ने भाग लिया। व्यक्तिगत वर्ग में 26 पुरुष और 15 महिला प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल के साथ अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘जयघोष’ विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धा के साथ अपनी प्रतिभा निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और आपसी सौहार्द विकसित करने का अवसर प्रदान कर रहा है।

खेलोत्सव का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 19 सितंबर को दोपहर 12 बजे एकलव्य भवन में आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!