अजमेर। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. चन्द्रभान ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वसुंधरा राजे पर गुर्जर समाज के साथ छल करने का आरोप जड़ा है। अजमेर संभाग की समीक्षा बैठक में भाग लेने आये चन्द्रभान ने आरोप लगाया कि वसुंधरा राजे ने गुर्जरों के साथ आधारहीन समझौते किये और उसी का परिणाम है कि वर्तमान में गुर्जर समाज में असंतोष है। गुर्जर समाज को आरक्षण नहीं मिल पा रहा है इसके लिए जिम्मेदार कौन है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष चन्द्रभान की माने तो पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने ही गुर्जर आरक्षण मामले को उलझाया है। चन्द्रभान ने दावा किया कि कांग्रेस ने गुर्जर समाज को उसका हक़ देने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
चन्द्रभान ने दावा किया कि वर्तमान में प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने जो जनकल्याणकारी कार्य किये हैं, उसी की वजह से वो एक बार फिर सत्ता में आएगी। यह अलग बात है कि पत्रकार वार्ता में भाजपा को छोटी पार्टी करार दे रहे चन्द्रभान ने बंद कमरे में समीक्षा बैठक लेते हुए पार्टी पदाधिकारियों को डर दिखाया कि भाजपा देश और प्रदेश में कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती बनकर उभर रही है, जिसके मुकाबले की तैयारी अभी से किया जाना जरुरी है। चन्द्रभान ने अजमेर जिले के साथ ही नागौर भीलवाड़ा और टोंक जिले के पदाधिकारियों से मुलाक़ात की और सरकार और संगठन के कामकाज की समीक्षा की।
