
अजमेर। बुधवार दोपहर नगर निगम में कार्यालय कर्मचारियों ने पेनडाउन हडताल शुरू कर दी। निगम के स्वास्थ्य अधिकारी प्रहलाद भार्गव और पार्षद नौरत गुर्जर के बीच वॉर्ड में जमादार बदलने को लेकर हुई धक्कामुक्की और गालीगलौच से उपजे विवाद से निगम में कार्य प्रभावित हुआ साथ ही भार्गव के पक्ष में राजस्थान नगर पालिका कार्मचारी फैडरेशन के अध्यक्ष टीकमचन्द जैन, राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा, नगर निगम सहायक कर्मचारी संघ के महामंत्री माणकचंद जैन, अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के अध्यक्ष ओमप्रकाश गोयर, कामगार युनियन के अध्यक्ष अशोक टांक, सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष नौरतमल डेंडवाल, छोटे लाल डेंडवाल, चांदमल तंबोली और विद्युत कर्मचारी संघ के महामंत्री मुकेश शर्मा के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए पार्षद नौरत के विरूद्ध निगम से राजकार्य में बाधा पहुंचाने की एफआईआर दर्ज कराने की मांग के साथ 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।
वहीं पार्षद नौरत गुर्जर के पक्ष में उतरे पार्षदों ने निगम के अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोलना शुरू कर दिया। नौरत गुर्जर ने भार्गव पर घोटालों में शामिल होने का भी आरोप लगाया।