अजमेर। विश्व हिन्दू परिषद् के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ प्रवीण भाई तोगडिया ने अजमेर में आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए राम मंदिर बनाने के लिए लोगों को एक जुट होकर तैयार रहने का आव्हान किया है। प्रवीण तोगडिया ने देश में 100 करोड़ हिन्दु होने के बाद भी हिन्दुओं के भगवान् राम का मंदिर बनाने के लिए किये जा रहे लम्बे संघर्ष पर चिंता जाहिर करते हुए आम लोगों को इस बात को गंभीरता से लेने का आव्हान किया।
सुभास उद्यान में 9 दिनों से चल रहे 35 अरब राम नाम परिक्रमा के धार्मिक आयोजन के आखिरी दिन रविवार को उद्यान में देश के बड़े-बड़े संत महात्माओं का जमघट लगा हुआ था। समापन के मौके पर एक बड़ी धर्मसभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर विश्व हिन्दू परिषद् के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ प्रवीण तोगडिया ने एक बार से सरकार के खिलाफ हुंकार भरते हुए देश के लोगों को एक जुट होकर राम मंदिर निर्माण के लिए तैयार रहने का आव्हान किया है। इतना ही नहीं तोगडिया ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जिस पकिस्तान ने देश के साथ बार-बार गद्दारी की है जो पकिस्तान आतंकवाद की फैक्ट्री है, उसके साथ देश से समझोता एक्सप्रेस नहीं बल्कि सीमा पर से टैंक भेजने होंगे तब जाकर पकिस्तान की अकल ठिकाने आएगी। वहीं सुभास उद्यान में धर्म सभा को संबोधित करते हुए अंतराष्ट्रीय राम स्नेही सम्प्रदाय के जगदगुरु संत रामदयाल महाराज ने भी वर्तमान में चल रहे सबसे विवादित मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा यौन संबंधो की उम्र को कम करने की साजिश देश के हिन्दुओं की भावनाओं को भड़काने के अलावा देश की संस्कृति को तोड़ना है और कुछ नहीं।
वहीं अजमेर में हुए इस विशाल संत संगम में राम चिंतन के साथ साथ राष्ट्र चिंतन करने का आव्हान संतों द्वारा किया गया।