अजमेर। कायस्थ मोहल्ला स्थित प्राचीन श्रीकामेश्वर महादेव मंदिर कमेटी द्वारा शनिवार को रंग ग्यारस का कार्यक्रम परम्परागत रूप से प्रभु भवन कायस्थ मोहल्ले में आयोजित किया गया। रंग ग्यारस कार्यक्रम की शुरूआत शाम 6 बजे बिजासन माता के मंदिर से हुई जहां समाजबंधुओं ने बिजासन माता को रंग चढाकर उनकी स्तुति की। इसके बाद प्राचीन कामेश्वर मंदिर पर भगवान भोलेनाथ को अबीर गुलाल अर्पित कर ठण्डाई का भोग लगाया गया और प्रसाद स्वरूप रंग और ठण्डाई का वितरण किया गया। प्रभु भवन स्थित चित्रगुप्त मंदिर पर भी कुलभुषण भगवान चित्रगुप्त का अबीर गुलाल से पुजन किया गया। इसके पश्चात रंग ग्यारस का रंगारंग कार्यक्रम शुरू हुआ जो देर रात तक फाल्गुनी गीत संगीत के साथ ऊंचाईयों की ओर बढता गया। इस कार्यक्रम में सैंकडों चित्रांशबंधुओं ने भाग लेकर शोभा बढाई।