अजमेर। चैत्र शुक्ल पक्ष प्रतिपदा एकम पर शहरभर में हिन्दू नववर्ष नवसंवत्सर बडे ही हर्षोल्लास से मनाया गया। लोगो ने एक-दूसरे को नये साल की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर कई जगह हवन यज्ञ और पूजा अर्चना के कार्यक्रम भी हुए। शहर की विभिन्न संस्थाओं की ओर से नगर के लगभग सभी चौराहो पर सैकडो लोगो ने नववर्ष के आगमन पर आमजन का स्वागत करते हुए हिन्दू नववर्ष की शुभकामनाएं दी। नव सम्वत्सर समारोह समिति के तत्वावधान में गुरूवार सुबह विभिन्न चौराहों पर साज सज्जा के साथ बैण्ड शहनाई वादन के बीच आम नागरिकों का अभिनन्दन किया गया। इस मौके पर समिति पदाधिकारियों ने लोगों के तिलक लगाकर मिश्री और तुलसी पत्र देकर नववर्ष की शुभकामनाएं दी साथ ही नववर्ष की विस्तृत जानकारी देने के लिये पैम्पलेट और चित्र भी वितरित किये गये।
बजरंग गढ़ चौराहे पर विश्व हिन्दू परिषद, महावीर सर्किल पर मजदूर संघ, आगरा गेट पर भाजयुमो., नया बाजार चौपड पर महिला मोर्चा, गांधी भवन पर भाजपा., लवकुश उद्यान पर केश्व माधव संस्था – बीकानेर मिष्ठान भंडार चौरहा वैशाली नगर पर भारत विकास परिषद स्टेशन रोड़ चौराहे और स्वामी कॉम्पलैक्स चौराहे पर स्वामी समूह और भा.ज.पा. प्रचार मंत्री कंवल प्रकाश किशनानी ने नागरिक अभिनंन्दन किया।
नव संवत्सर की पूर्व संध्या पर आनासागर स्थित रामप्रसाद घाट पर भव्य दीपदान समारोह का आयोजन समारोहपूर्वक सम्पन्न हुआ। रामप्रसाद घाट पर सैकड़ों की संख्या में उपस्थित जनता के बीच भव्य दीपदान का आयोजन हुआ। आयोजन के दौरान हजारों की संख्या में दीपकों को आनासागर के अन्दर समर्पित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सेविका समिति, दूर्गा वाहिनी, गायत्री परिवार, महिला मोर्चा के संयोजन में मंत्रोच्चार के साथ हुआ। कार्यक्रम शुभारम्भ मां भारती को नमन करते हुए शुरू हुआ। सबसे पहले गायत्री परिवार द्वारा दीप यज्ञ का आयेाजन मंत्रोच्चार के साथ किया गया। तत्पश्चात् सेविका समिति एवं दूर्गा वाहिनी के द्वारा हजारों की संख्या में जगमगाते दीपों का दान किया गया। इस अवसर पर घाटी वाले बालाजी के परिसर में भी दीप प्रज्ज्वलित कर नव वर्ष के आगमन का स्वागत किया गया। उपस्थित जन समुदाय को तिलक लगाकर और प्रसाद वितरण कर उनका अभिनन्दन किया गया। इस अवसर पर दूर्गा वाहिनी, सेविका समिति, महिला मोर्चा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिन्दू परिषद, भारत विकास परिषद, साहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।