
केकड़ी। नगर पालिका में 56 सफाई कर्मचारियों की भर्ती के लिए साक्षात्कार की तिथी घोषित होने के बावजूद साक्षात्कार नहीं होने के मामले में पालिकाध्यक्ष रतनलाल नायक ने पत्रकार वार्ता में बताया कि सफाई कर्मचारियों की भर्ती में पारदर्शिता बरतने के साथ बिना किसी भेदभाव के पात्र व्यक्ति को ही नियुक्ति मिलनी चाहिए जबकि ऐसा नहीं किया जाकर प्रक्रिया में अनियमितता बरतने के साथ धान्धली किए जाने के प्रयास किए जा रहे थे। पालिकाध्यक्ष नायक का आरोप है कि सफाई कर्मचारियों की भर्ती केे इस मामले में पालिका के अधिशाषी अधिकारी ने उन्हें न तो स्वायत्त शासन विभाग द्वारा साक्षात्कार के लिए आए आदेश के बारे में बताया और न ही उन्हें साक्षात्कार के लिए गठित की गई चयन कमेटी की जानकारी दी गई। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि अधिशाषी अधिकारी ने उन्हेेंं बिना बताए 5 व 6 मई को साक्षात्कार के लिए तिथियां तक घोषित कर दी। इस बारे में पालिकाध्यक्ष का आरोप है कि सफाई कर्मचारी भर्ती प्रक्रिया में उन्हें धान्धली किए जाने की बू आ रही थी जिसकी वजह से वे इस प्रक्रिया से दूर रहे। नायक ने बताया कि अधिशाषी अधिकारी द्वारा साक्षात्कार के लिए 5 जनों की कमेटी गठित की गई थी जिसमें एक कांग्रेस व एक भाजपा के पार्षद को शामिल किया गया था लेकिन ऐन वक्त पर अधिशाषी अधिकारी ने किसी के इशारे पर भाजपा पार्षद को कमेटी से हटाकर कांग्रेस के अन्य पार्षद को सदस्य बना दिया। कुल मिलाकर इस मामले में धान्धली किए जाने की मंशा से भर्ती प्रक्रिया को अंजाम दिए जाने का प्रयास किया गया जो आखिर में उनकी सतर्कता की वजह से विफल हो गया। उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में करीब 1200 आवेदन प्राप्त हुए हैं, लेकिन फिलहाल भर्ती प्रक्रिया को स्थगित कर दिया है अब नए सिरे से कमेटी का गठन कर पुन: साक्षात्कार की तिथी घोषित की जाएगी। इस बारे में अधिशाषी अधिकारी शेरसिंह राठौड़ का कहना है कि उन्होंने साक्षात्कार के दो दिन पूर्व स्वयं पालिकाध्यक्ष को भर्ती प्रक्रिया की जानकारी दी थी लेकिन साक्षात्कार के दोनों दिन वे नहीं आए जिसकी वजह से उच्चाधिकारियों के निर्देश पर साक्षात्कार स्थगित करने पड़े। कोई कुछ भी आरोप लगा सकता है लेकिन भर्ती प्रक्रिया में धान्धली का आरोप निराधार है।
-तिलक माथुर