अजमेर। उत्तरांचल देव भूमि में अतिवृष्टि एवं उसके उपरांत आई बाढ़ एवं आपदा के पीड़ितों के समाचार विभिन्न समाचार माध्यमों से लगातार प्राप्त हो रहे है और उसके परिणाम स्वरूप देश का प्रत्येक नागरिक देव भूमि पर आए इस संकट के समय में सहायता हेतु प्रतिबद्ध नजर आ रहा है। नागरिकों की इस इच्छा एवं इस आपदा हेतु सहायता की अत्यावश्यकता को देखते हुए सहायता कार्य को योजनापूर्वक चलाने के लिए राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ से सम्बद्ध ‘‘उत्तरांचल दैवी आपदा पीड़ित सहायता समिति’’ का गठन किया गया है। देश के विभिन्न स्थानों से इस समिति को सहायता राशि प्राप्त होने का क्रम आरम्भ हो गया है।अजयमेरू महानगर में भी राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ एवं उससे सम्बद्ध विभिन्न आनुषांगिक संगठनों ने बैठक कर इस सहायता कार्यक्रम में पूर्ण सक्रियता से योगदान देने की योजना की है। दिनांक 24 व 25 जून को अजयमेरू महानगर में संघ व उसके सम्बद्ध संगठनों के कार्यकर्ता सहायता राशि के एकत्रीकरण हेतु विशेष अभियान आरम्भ करने जा रहे है ताकि पीड़ितों को सहायता शीघ्रातिशीघ्र पहुंचाई जा सके।
महानगर संघचालक सुनील दत्त जैन ने बताया कि उक्त अभियान में समाज के सभी वर्गो की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होने अजयमेरू के सभी नागरिक बंधुओं से इस दैवी आपदा की घड़ी में देवी भूमि के नागरिकों के साथ अपनी सहभागिता दर्शाने का आव्हान किया एवं अधिक से अधिक सहायता राशि अजयमेरू महानगर से पंहुचे ऐसी अपेक्षा की है।
-निरंजन शर्मा
मों. 9828171560