केकड़ी। भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व गुजरात के प्रभारी ओमप्रकाश माथुर ने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी को लेकर पूरे देश में खुशी का माहौल है वहीं कार्यकर्ताओं सहित आमजन खासतौर से युवाओं में विशेष उत्साह है। भाजपा नेता ओम माथुर यहां अल्प प्रवास के दौरान पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। माथुर ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चरणबद्ध तरीके से तैयारियां शुरू कर दी है जिसके तहत 272 सीटे हांसिल करने के लिए चार प्रकार के मापदण्ड निर्धारित किए गए है। उन्होंने बताया कि जिन लोक सभा क्षेत्रों में भाजपा का प्रभुत्व है तथा जो लोक सभा क्षेत्र भाजपा समर्थित है वहां भी तैयारियों के लिए लोगों को अलग-अलग जिम्मेदारी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि जो लोकसभा क्षेत्र भाजपा के लिए कठिन और परिणाम देने वाले नहीं है वहां जीत के लिए सोशल इंजीनियरिंग के माध्यम से नेताओं को आगे लाया जा रहा है। माथुर ने कहा कि जिस प्रकार मोदी ने पिछले 12 वर्षो में गुजरात में सुशासन दिया है उसका आकर्षण सब जगह है, हिन्दूस्तान के आम मतदाता में एक इच्छा प्रकट हुई है कि आगामी सन् 2014 में देश का नेतृत्व नरेन्द्र मोदी करे। पत्रकारों के एक सवाल पर माथुर ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर सभी एनडीए के घटक दलों से बातचीत कर रही है और मोदी के नेतृत्व में एनडीए में शामिल होने के लिए अनेक घटक दल अपनी इच्छा जाहिर कर रहे है। उन्होंने राजस्थान की राजनीति पर चर्चा के दौरान कहा कि राजस्थान मेें सुराज संकल्प यात्रा के माध्यम से प्रदेशाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने मण्डल स्तर के कार्यकर्ताओं से राय ली है तथा राज्य मेें चार प्रकार के सर्वें चल रहे है, उसके आधार पर भाजपा जिताऊ और टिकाऊ कार्यकर्ता को टिकट देने वाली है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार साल में गहलोत सरकार ने कुछ भी नहीं किया तथा अब जब चुनाव का समय नजदीक है तो वे लोगों को गुमराह करने के लिए चुनावी लॉलीपाप बांट रहे हैं लेकिन राजस्थान की जनता होशियार है वह कांग्रेस के झांसे में आने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि सुराज संकल्प यात्रा को जिस प्रकार जन समर्थन मिला है उससे निश्चित है कि भाजपा राजस्थान में स्पष्ट बहुमत से सरकार बनाएंगी। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ओम माथुर के शाहपुरा से मालपुरा जाते समय केकड़ी अल्पप्रवास के दौरान भाजपाईयों द्वारा उनका जगह-जगह माल्यार्पण व साफा बंधवाकर स्वागत किया गया। स्वागत की इस कड़ी में पूर्व प्रधान भूपेन्द्र सिंह शक्तावत, जिला उपाध्यक्ष रिंकू कंवर राठौड़, प्रदेश कार्यसमिति के पूर्व सदस्य रामेश्वर बम्बोरिया, पूर्व सरपंच शत्रुघ्न गौत्तम, शहर मण्डल अध्यक्ष रामनिवास तेली, देहात मण्डल अध्यक्ष वीर विक्रम सिंह, युवा मोर्चा देहात अध्यक्ष मनोज कुमावत, शहर युवा मोर्चा अध्यक्ष सत्यनारायण चौधरी के नेतृत्व में सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने करीब दर्जन स्थानों पर अलग-अलग स्वागत किया।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष रतन लाल नायक,शहर मण्डल महामंत्री अनिल राठी,पूर्व मण्डल अध्यक्ष बलराज मेहरचंदानी,उपाध्यक्ष सत्यनारायण पालीवाल,सत्यनारायण माली,जगदीश कानावत,रफीक मंसूरी,रामबाबू सागरिया,रामपाल चौहान,कपिल विजय,राजराजेश्वर व्यास,सलीम गौरी,महेश नायक,सुरेश सैन,गोपाल कुमावत,दुर्गालाल लोहार,मोहनलाल रेगर,राहुल राव,प्रिंस माथुर,राकेश शर्मा,हरीश नागर,ज्ञानप्रकाश राठी सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित थे।
-तिलक माथुर, पीयूष राठी