जानिये निम्बार्क पीठ के बारे में

श्री निम्बार्क भगवान
श्री निम्बार्क भगवान
रूपनगढ़ के पास किशनगढ़ से लगभग 19 किलोमीटर दूर सलेमाबाद गांव में निम्बार्काचार्य संप्रदाय की पीठ ऐतिहासिक और आध्यात्मिक दृष्टि बहुत महत्वपूर्ण है। यहां भगवान सर्वेश्वर की मूर्ति पूजनीय है। वस्तुत: वैष्णव चतुर्सम्प्रदाय में श्री निम्बार्क सम्प्रदाय का अपना विशिष्ट स्थान है। माना जाता है कि न केवल वैष्णव सम्प्रदाय अपितु शैव सम्प्रदाय प्रवर्तक जगद्गुरु आदि श्री शंकराचार्य से भी यह पूर्ववर्ती है। इस सम्प्रदाय के आद्याचार्य श्री भगवन्निम्बार्काचार्य हैं। आपकी सम्प्रदाय परंपरा चौबीस अवतारों में श्री हंसावतार से शुरू होती है। भगवान श्री निम्बार्काचार्य का प्राकट्य युधिष्ठिर शके 6 में दक्षिण भारत के आंध्रप्रदेश के वैदुर्यपंतनमुंजी में गोदावरी तटवर्ती श्रमणाश्रम में हुआ। अल्प वय में ही वे उत्तर भारत के ब्रज मंडल स्थित गिरिराज गोवर्धन की सुरम्य उपत्यका में आ गए। वहीं उनको देवर्षि नारद मुनि से वैष्णवी दीक्षा के साथ सूक्ष्म दक्षिणवर्ती चक्रांकित शालग्राम स्वरूप श्री सनकादि संसेवित श्री सर्वेश्वर प्रभु की अनुपम सेवा प्राप्त हुई। (यही सेवा अद्यावधि अखिल भारतीय श्री निम्बार्काचार्य पीठ, सलेमाबाद में आचार्य परंपरा से सम्प्रति परिसंवित है। विश्व में इतनी प्राचीन व सूक्ष्म श्री शालग्राम स्वरूप और कहीं भी नहीं है। जब भी आचार्यश्री धर्म प्रचार अथवा भक्तों के आग्रह पर कहीं जाते हैं तो यह सेवा उनके साथ ही रहती है।) एक बार श्री निम्बार्काचार्य ने अपने आश्रम में दिवामोजी दंडी महात्मा के रूप में आए ब्रह्माजी को रात्री हो जाने के कारण भोजन से निषेध करते देख नीम वृक्ष पर अपने तेज तत्त्व श्रीसुदर्शनचक्र को आह्वान कर सूर्य रूप में दर्शन करवा कर भोजन कराया। निम्ब (नीम) पर सूर्य (अर्क) के दर्शन करवाने के कारण ब्रह्माजी ने उन्हें श्री निम्बार्क नाम से संबोधित किया। उन्हीं की आचार्य परंपरा में श्री परशुराम देवाचार्य महाराज ने सलेमाबाद में अखिल भारतीय श्री निम्बार्काचार्य पीठ की स्थापना की।

error: Content is protected !!