उदयपुर। आने वाले पांच वर्षों में देश में 10 करोड़ रोजगार के अवसर सृजित करने और आर्थिक विकास दर को 8 प्रतिशत ले जाने का वायदा करने वाला कांग्रेस का घोषणा पत्र देश की जनता के साथ एक क्रूर मजाक है। विगत 10 वर्षों के शासन में कांग्रेस नें इन वादों को पुरा करने के लिए कोई कदम क्यों नहीं उठाया। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और विधायक किरण माहेश्वरी नें कहा कि विगत 10 वर्षों में देश आर्थिक अवनति, भ्रष्टाचार और बेकारी में भारी वृद्धि का अभिशाप झेल रहा है। कांग्रेस द्वारा 10 करोड़ रोजगार सृजन, जनता को आवास, जीवन वृति और सामाजिक सुरक्षा का अधिकार का वादा जनता के साथ स्पष्ट धोखाधड़ी ही है। भ्रष्टाचार को समाप्त करने का कांग्रेस का वादा इस युग का सबसे बड़ा मजाक ही कहा जाएगा।
किरण नें कहा कि 2जी स्पेक्ट्रम, कोयला ब्लाक आवंटन, राष्ट्रमंडल खेल और आदर्श सोयायटी जैसे भ्रष्टाचार के महाघोटालों में संलिप्तों के मुँह से सदाचार की बातें राजनीतिक पाखण्ड की पराकाष्ठा है। कांग्रेस 100 दिनों में जादु करने की बातें वर्ष 1991से ही करती आई है। कांग्रेस के घोषणापत्र में ‘‘विश्वसनीयता, गंभीरता और प्रमाणिकता’’ का अभाव है। किरण नें कहा कि आगामी चुनाव विचारधाराओं के मध्य में चुनाव है। कांग्रेस की विचारधारा बांटो और राज करो और सत्ता के लिए देशहित से समझोते की विचारधारा है। भाजपा की विचारधारा जोड़ने और विकास करने व देश को सशक्त बनाने की विचारधारा है। कांग्रेस सबसे बड़ी पराजय की ओर बढ़ रही है। मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी और राहुल गांधी प्रयत्नपूर्वक कांग्रेस की पराजय की कहानी लिख रहे हैं।