अजमेर, 3 दिसम्बर। जिले में प्लास्टिक केरी बेग व पॉलीथीन की थैलियों के विरूद्घ आगामी 15 दिसम्बर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान छापा मारकर प्लास्टिक की थैलियां जब्त करने व अवैधानिक उत्पादन को प्रतिबंधित किया जाएगा।
जिला कलक्टर डॉ. आरूषि ए मलिक के अनुसार एक से 15 दिसम्बर तक प्लास्टिक केरी बेग व पॉलीथीन थैलियों के विरूद्घ विशेष अभियान के तहत नगर निकाय के अधिकारियोंं द्वारा स्थानीय बाजारों में छापा मारकर विभिन्न प्रकार के व्यवसायों, फल-सब्जी, खाद्य सामग्री आदि में प्रयुक्त की जा रही प्लास्टिक की थैलियों को जब्त करने की कार्यवाही एवं अवैधानिक उत्पादन को प्रतिबंधित किया जाएगा। साथ ही प्लास्टिक के कचरे का उचित निस्तारण भी सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक कैरी बैग्स के स्थान पर जूट, कपडे, कागज व ईको फे्रंडली मेटेरियल से निर्मित बैग्स व थैलियों के उपयोग हेतु आमजन को जागरूक कर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।