इको टूरिज्म का भी होगा विकास

अजमेर, 12 फरवरी। संभागीय आयुक्त डॉ. धर्मेन्द्र भटनागर ने वन विभाग को पुष्कर घाटी को फूलों की घाटी के रूप में विकसित करने के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घाटी में इको-टूरिज्म को भी विकसित करने के प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे।
संभागीय आयुक्त डॉ. भटनागर ने गुरूवार को विभिन्न विभागों के कार्योंं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने वन विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि अजमेर को हैरिटेज व स्मार्ट सिटी के रूप में चयनित किया गया है। ऐसे में पुष्कर घाटी पर्यटन विकास के लिए बेहतर साबित हो सकती है। इसे फूलों की घाटी तथा इको- टूरिज्म केन्द्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। उन्होंने विभाग को निर्देश दिए कि इस संबंध में प्रस्ताव तैयार करें।
डॉ. भटनागर ने अजमेर शहर में सड़कों की दशा में सुधार के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग, अजमेर विकास प्राधिकरण एवं नगर निगम के अधिकारियों की बैठक आयोजित कर 15 दिन में इस समस्या का हल निकालने के निर्देश दिए।
उन्होंने अजमेर संभाग में विभिन्न नए भवनों के निर्माण के लिए संबंधित जिला कलक्टरों को पत्र लिखने के भी निर्देश दिए। संभागीय आयुक्त ने ग्रामीण गौरव पथ, जलदाय विभाग, सौर ऊर्जा तथा अन्य विभागों से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की। बैठक में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त श्री रमेश चन्द्र सोलंकी, नगर निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सी.आर.मीना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!