अजमेर, 25 मार्च। कृषि विज्ञान केन्द्र तबीजी पर किसानों का दो दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार को संपन्न हुआ। किसानों को पौध किस्मों के संरक्षण एवं कृषकों के अधिकार विषय पर जानकारी दी गई।
कृषि विज्ञान केन्द्र के कार्यक्रम समन्वयक डाॅ. गिरीश नारायण माथुर ने बताया कि कृषकों को उनके हितों एवं पौध संरक्षण से जुड़े विभिन्न नवाचारों की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि कृषक समुदाय किसी नयी किस्म की खेती या विकसित करने का कार्य करता है तो उसे पी.पी.वी. एवं एफ.आर.ए. के तहत पंजीकरण कर सुरक्षा प्रदान की जा सकती है। राष्ट्रीय बीजीय मसाला अनुसंधान केन्द्र के निदेशक डाॅ. बलराज सिंह ने जैव विविधता के संरक्षण तथा कृषक अधिकार संरक्षण की जानकारी दी। प्रशिक्षण में डाॅ. आर.एस.मीणा, डाॅ. गोपाल लाल आदि ने भी कृषकों को महत्वपूर्ण जानकारी दी। प्रशिक्षण में जिले के 96 किसानों ने भाग लिया।