अजमेर: प्रतिवर्ष की भांति होली के अवसर पर इस बार भी जवाहर रंगमंच पर 23 मार्च को फाल्गुन महोत्सव मनाया जाएगा। इस महोत्सव के लिए अजमेर के रंगकर्मियों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है।
फाल्गुन महोत्सव इस बार आगामी 23 मार्च को दोपहर 1:30 बजे जवाबर रंगमंच पर सम्पन्न होगा। महोत्सव की तैयारियां जोरों पर है। महोत्सव में होली के माहौल के अनुरूप शहर के राजनेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों पत्रकारों, साहित्यकारों में से ही महामूर्ख और मूर्खराज का चयन होता है। महोत्सव में अजेमर के राजनीतिक घटनाक्रम से जुड़ी झलकियां भी प्रस्तुत की जाती है। प्रबुद्ध नागरिकों को मंच पर बुलाकर उनकी प्रवृत्ति के अनुरूप अवार्ड से नवाजा जाता है। महोत्सव के सभी कार्यक्रमों की तैयारियां इन दिनों जोरों पर है। कार्यक्रम का आयोजन शहर भर के पत्रकारों और साहित्यकारों के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम में आने वाले सभी नागरिकों को कूपन दिए जाएंगे और बाद में लॉटरी के जरिए 10 इनाम निकाले जाएंगे। इस बार प्रथम इनाम एमपी नानकराम साइकिल कंपनी के ललित नागरानी की ओर से रेंजर साइकिल दी जाएगी तथा शेष इनाम न्यू कुबेरा कलेक्शन की ओर से मिलेंगे। महोत्सव में अजमेर विकास प्राधिकरण और नगर निगम अजमेर डेयरी आदि का सहयोग है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जहां शहर भर के रंगकर्मी झलकियों का अभ्यास लगातार कर रहे हैं, वहीं जवाहर रंगमंच की साज सज्जा के लिए पूरा दल जुटा हुआ है। जाने माने पत्रकार और साहित्यकार गणमान्य व्यक्तियों को अवार्ड और टाइल्स आवंटित करने के काम में जुटे हुए हैं। अवार्ड के लिए जो अतिथि मंच पर आएगा उस अतिथि की प्रवृत्ति के अनुरूप फिल्मी गीत बजाया जाएगा। सभी आमंत्रित नागरिकों का स्वागत चंदन के तिलक से होगा। आए हुए सभी लोगों को समिति की ओर से अल्पाहार करवाया जाएगा।