एक बटन पर मिलेंगी खेती किसानी की जानकारी

किसान सुविधा मोबाईल एप्प रहेगा लाभप्रद
अजमेर, 20 मई। किसानों को खेती किसानी से जुड़ी अद्यतन जानकारियों के लिए अब केवल एक बटन दबाना पड़ेगा। केन्द्रीय कृषि, सहकारिता एवं कृषक कल्याण मंत्रालय ने किसान सुविधा नामक बहुउपयोगी मोबाईल एप्प विकसित किया है। इसकी सहायता से किसान अपने मोबाईल में यह एप्प डाउनलोड कर आवश्यक जानकारियां तुरन्त प्राप्त कर सकते है।
एप्प से मिलेगी ये जानकारियां
इस एप्प के माध्यम से किसान अगले 144 घण्टों के मौसम की भविष्यवाणी के आधार पर किसान अपने क्रियाकलापों में आवश्यकतानुसार परिवर्तन कर सकता है। इसमें कृषि संबंधी सलाह और पौध संरक्षण के बारे में भी जानकारी उपलब्ध है। किसान वर्तमान बाजार मूल्य, क्रेता और विक्रेता की जानकारी कुछ क्षणों में प्राप्त कर सकता है। इस एप्प के माध्यम से खराब मौसम की फसलानुसार चेतावनी और किसान के आसपास की मण्डियों के भाव के साथ-साथ राज्य और देश की मण्डियों के अधिकतम भावों को भी सम्मिलित किया गया है। इस एप्प में कृषि एवं सहकारिता विभाग, फार्मर पोर्टल, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, हॉर्टनेट, सीडनेट पर उपलब्ध किसानों के लिए उपयोगी जानकारियों को भी सम्महित किया गया है। इस एप्प में किसान सेवा और किसान क्रेडिट कार्ड की जानकारी भी उपलब्ध करवायी गई है। कृषि विशेषज्ञों की सेवाए भी उपलब्ध हैं।
ऐसे करें डाउनलोड
किसान सुविधा एप्प को डाउनलोड करके उपयोग करने के लिए एन्ड्रॉईड, विंडोज, सिम्बियन, आईओएस, ओएस अथवा बाडा प्लेटफार्म आधारित स्मार्ट फोन होना आवश्यक है। स्मार्ट फोन के गुगल प्ले स्टोर से यह एप्प डाउनलोड किया जा सकता है। साथ ही ब्राउजर की एड्रेस बार में अंग्रेजी में एमकेआईएसएएन डॉट जीओवी डॉट इन टाईप करने पर खुलने वाली साईट के मोबाईल एप्प सेक्शन से भी डाउनलोड किया जा सकता है।

error: Content is protected !!