हिन्दुत्व की छाया में इण्डोनेशिया का विमोचन 31 जुलाई को

जोधपुर 29 जुलाई। डॉ. मोहनलाल गुप्ता द्वारा लिखित पुस्तक हिन्दुत्व की छाया में इण्डोनेशिया का विमोचन सोमवार 31 जुलाई को राजस्थान साहित्य अकादमी के अध्यक्ष डॉ. इन्दुशेखर ‘तत्पुरुष’ तथा अखिल भारतीय साहित्य परिषद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य एवं क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री विपिनचंद्र शर्मा करेंगे।
शुभदा प्रकाशन की निदेशक श्रीमती मधुबाला गुप्ता ने बताया कि 31 जुलाई को सायं 4.30 बजे गांधी शांति प्रतिष्ठान केन्द्र में अंतर प्रांतीय कुमार साहित्य परिषद द्वारा आयोज्य प्रेमचंद जयंती संगोष्ठी में इस पुस्तक का विमोचन किया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. कौशलनाथ उपाध्याय, डॉ. सत्यनारायण, डॉ. कैलाश कौशल, डॉ. पद्मजा शर्मा सहित अनेक ख्यातिनाम साहित्यकार एवं रचनाकार उपस्थित रहेंगे।
मधुबाला ने बताया कि इस पुस्तक का लेखन डॉ. मोहनलाल गुप्ता द्वारा इण्डोनेशिया के जावा एवं बाली द्वीपों पर स्थित जकार्ता, योग्यकार्ता, सेंट्रल जावा, कुता, देनपासार, उबुद, मेंगवी आदि नगरों एवं अनेक मंदिरों की यात्रा के अनुभवों के आधार पर किया गया है। पुस्तक में इण्डोनेशियाई द्वीपों की जनता पर विगत हजारों वर्ष से चले आ रहे प्राचीन हिन्दू संस्कृति के प्रभाव का रोचक एवं तथ्यात्मक वर्णन किया गया है। इन द्वीपों की हिन्दू एवं मुसलमान जनता आज भी राम तथा रामायण से अपना निकटतम सम्बन्ध बनाए हुए है। जावा एवं बाली की अनेक सांस्कृतिक संस्थाओं द्वारा रामलीलाओं का नियमित मंचन कराया जाता है। जावा, समुमात्रा एवं बाली द्वीपों पर स्थित हजारों साल पुराने मंदिरों से हिन्दुओं का नाता आज तक बना हुआ है। इन द्वीपों के हिन्दू आज भी वेदों, पुराणों एवं उपनिषदों का अध्ययन करते हैं। बाली द्वीप की कुछ संस्थाएं संस्कृत एवं हिन्दी भाषा के साथ-साथ शाकाहार अपनाने के लिए भी प्रयासरत हैं। इस पुस्तक का प्रकाशन शुभदा प्रकाशन जोधपुर द्वारा किया गया है।
-मधुबाला गुप्ता

error: Content is protected !!