अजमेर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सबसे महत्वकांक्षी फ्लैगशिप योजना नि:शुल्क दवा वितरण एवं नि:शुल्क जाँच योजना के तहत जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में इस वर्ष के प्रथम चार महीने में 25,276 बी.पी.एल. रोगियों का नि:शुल्क उपचार किया गया।
चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. अशोक चौधरी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि नि:शुल्क दवा वितरण एवं नि:शुल्क जाँच योजना के प्रारम्भ होने से चिकित्सालय ने सभी प्रकार के रोगियों की संख्या में वृद्घि हुई है। 25,276 बी.पी.एल. रोगियों के उपचार पर 76,74,682 रूपये की राशि व्यय हुई है।
डॉ. चौधरी के अनुसार चिकित्सालय में जनवरी से अप्रेल 2013 तक 23,896 ओ.पी.डी. तथा 1380 आई.पी.डी. बी.पी.एल. रोगियों का उपचार किया गया। ओ.पी.डी. के रोगियों पर 30 लाख 27 हजार तथा आई.पी.डी. बी.पी.एल. रोगियों के उपचार पर 46 लाख 48 हजार रूपये की राशि व्यय हुई है।