राजनाथ सिंह जी, कुछ नया करिये, उदाहरण बनिए

NK Jain 21.3.12अभी हाल ही में जयपुर में भाजपा राजस्थान की नई बनीं प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती वसुन्धरा राजे व नेता प्रतिपक्ष श्री गुलाब चंद कटारिया जी की ताजपोशी की स्वागत सभा में 100 किलो की फूलमाला पहनाई गई। और भी ज्यादा वजन की मालाएं पहनाई जाएगीं। कोई तो गिनीज बुक में नाम दर्ज कराने के लिए एक-दो टन की माला पहनाने का प्रयास भी कर सकता है। पैसे व साधनों की तो किसी भी पार्टी में किसी व्यक्ति के पास कोई कमी नहीं हैं। क्या ये सब आपकी व आपकी अध्यक्षता वाली भाजपा के लिए मिसाल और फख्र की बात है, जिसका मातृ संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जैसा आदर्श संगठन है। क्या इसमें मात्र चमचागिरी की बूू नहीं झलकती? इस सब वातावरण को देखकर ही तो नेता बहक जाते हैं और धरातल की सच्चाई के बजाय आसमान में विचरण करने लगते हैं। नतीजा पार्टी की हानि व जनता को मायूसी ही हाथ लगती है। यह रोग अन्य पार्टियों में भी पूरी तरह फैला हुआ है।
वसुन्धरा जी के स्वागत के लिए अजमेर में भी अब कुछ नया व ऐसा होने वाला है, जो सबसे अलग होगा। अब घर-घर पीले चावल बांट कर निमन्त्रण दिया जाएगा और बताया जाएगा कि देखो अजमेर बाकी सबसे अलग है स्वागत करने में, इससे वसुन्धराजी खुश हो जायेंगी और कुछ बड़े तोहफे यहां की पार्टी वर्करों को भी मिल जाएंगे।
राजनाथ सिंह जी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तो सादा जीवन उच्च विचार की मजबूत नींव पर खड़ा है, तभी तो कोई भी आंधी उसका बाल भी बांका नहीं कर सकती। कृपया इसमें कुछ तो तब्दीली लाइये। नरेन्द्र मोदी जैसी कुछ ऐसी करनी कराइये कि देश ही नहीं विदेश भी लट्टू हो जाए। आज सारा राष्ट्र्र वर्तमान माहौल, जिसमें भ्रष्टाचार ही भ्रष्टाचार की बदबू नजर आती है, के विपरीत है और भारी बदलाव चाहता है। आप भी कुछ ऐसा करिये, जैसा मुख्य चुनाव आयुक्त टी एन शेषन नेे किया, जिसके लिए आज भी भारत ही नहीं विदेशों भी उन्हें आदर के साथ देखा जाता है।
-एन.के. जैन
संपादक, स्वतंत्र जैन चिन्तन, अजमेर

error: Content is protected !!