ब्रिटेन में अवैध रूप से रह रहे 20 भारतीय गिरफ्तार

लंदन। ब्रिटेन में अवैध रूप से रह रहे 20 भारतीयों को गिरफ्तार किया गया है। पिछले हफ्ते लंदन और लिसेस्टर में ये गिरफ्तारियां की गई हैं।

आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि लीसेस्टर में एक टेक्सटाइल कंपनी में छापों के दौरान 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 12 भारतीय हैं। जांच में पता चला कि कुछ लोगों की वीजा अवधि समाप्त हो चुकी है और कुछ को शरण देने से इन्कार कर दिया गया था। यूके बॉर्डर एजेंसी के मुताबिक गिरफ्तार लोग जिस कंपनी में काम करते थे उस पर अवैध रूप से काम करने वाले प्रत्येक कर्मी को लेकर 10 हजार पौंड (करीब आठ लाख 75 हजार रुपये) का जुर्माना लगाया गया है। पांच लोगों को जमानत मिल गई है और एजेंसी उन्हें ब्रिटेन से वापस भेजने की दिशा में काम कर रही है। लंदन में भी कई घरों पर की गई कार्रवाई में भारतीय और अन्य देशों के लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एजेंसी के स्टीव फिशर का कहना है कि कानून तोड़ने वालों को यह ध्यान रखना चाहिए कि उनके खिलाफ भारी जुर्माना लगाया जाएगा।

error: Content is protected !!