कराची में धार्मिक नेता पर हमले के बाद हिंसा, 7 मरे

प्रतिष्ठित धार्मिक नेता पर जानलेवा हमले में चार लोगों की मौत के बाद पाकिस्तान के कराची शहर में मंगलवार को हिंसा भड़क उठी। हिंसा में तीन और लोगों की जान भी गई है। हमले में धार्मिक नेता मौलाना औरंगजेब फारूकी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फारूकी पर घनी आबादी वाले गुलशन-ए-इकबाल इलाके में मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात बंदूकधारियों ने हमला किया। हमले में फारूकी गंभीर रूप से घायल हो गए। ताबड़तोड़ गोलीबारी में फारूकी के ड्राइवर और तीन सुरक्षा गार्डो की जान चली गई। धार्मिक नेता पर हमले की खबर शहर में आग की तरह फैल गई। इसके बाद कराची के अन्य हिस्सों में भी गोलीबारी शुरू हो गई।

सशस्त्र लोगों ने शहर में सामान्य जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। गोलीबारी में एक राहगीर और एक पुलिस उपाधीक्षक के बेटे की भी मौत हो गई। हाल के सप्ताहों में कराची में जातीय हिंसा में वृद्धि हुई है। शहर में पिछले तीन दिनों से जारी हिंसा में मरने वालों की संख्या 26 पहुंच गई है। पुलिस इसे रोकने में नाकाम साबित हो रही है।

error: Content is protected !!