तालिबान ने 21 सैनिकों को अगवा कर गोलियों से भूना

तालिबान ने 21 पाकिस्तानी सैनिकों की गोली मार कर हत्या कर दी है। तालिबान ने इन सैनिकों का गत शुक्रवार को अपहरण कर लिया था। पुलिस अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। खैबर पख्तूनख्वा इलाके के एक वरिष्ठ अधिकारी नावेद अब्बास ने बताया, पेशावर शहर के नजदीक तीन पुलिस चौकियों से अगवा किए गए सैनिकों को तालिबान आतंकवादियों ने एक-एक कर गोलियों से छलनी कर दिया। सैनिकों के हाथ बंधे थे और उनकी आंखों पर पट्टी बंधी थी।

उन्होंने बताया कि गोलियों से छलनी सैनिकों के शव पेशावर के सीमांत क्षेत्र जबाई में मिले। दो सैनिक तालिबान के चंगुल से बचने में कामयाब रहे, जिनमें से एक की हालत काफी गंभीर है। तालिबान ने गत शुक्रवार 23 सैनिकों का पाकिस्तान के उत्तर पश्चिम इलाके से अपहरण कर लिया था। भारी मशीनगनों और ग्रेनेड लांचरों से लैस दो सौ से भी अधिक आतंकवादियों ने अफगान सीमा के पास कबाइली इलाके खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में स्थित दर्रा आदम खेल की दो चौकियों पर हमला कर दिया था। हमलावरों ने सैनिकों की वर्दी पहनी हुई थी और हमले के बाद वे चौकियों से हथियार भी उठा ले गए। इस महीने पेशावर में दो अत्यंत घातक हमले हुए हैं। गत 15 दिसंबर को पेशावर हवाइअड्डे पर जहां एक आात्मघाती हमला हुआ, वहीं गत 22 दिसंबर को आयोजित हुई एक रैली में बम विस्फोट किया गया।

error: Content is protected !!