नासा के बैलून ने बनाया उड़ने का रिकॉर्ड

अंटार्कटिका के ऊपर से उड़ते हुए नासा के सुपर-टाइगर बैलून ने अपने आकार के गुब्बारों के मुकाबले उड़ने का नया रिकॉर्ड बनाया है।

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा की ओर से कहा गया है कि यह बैलून 46 दिनों से उड़ रहा है और इस समय दक्षिणी ध्रुव के पास अपनी तीसरी कक्षा में है। सुपर-टाइगर ने 2005 में बने 41 दिन और 22 घंटे के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। इसकी टीम अभी और आठ से 10 दिन तक उड़ने की योजना बना रही है।

साइंस मिशन डाइरेक्टरेट के सहायक प्रशासक जॉन ग्रुन्सफेल्ड ने कहा कि यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। इतने लंबे समय तक बैलून के हवा में रहने से वैज्ञानिक अध्ययन में मदद मिली है। बैलून को अंटार्कटिका में मैकमुर्डो स्टेशन के पास से छोड़ा गया था।

तीन करोड़ 90 लाख घनफुट का यह बैलून अपने साथ 6000 पाउंड (करीब 2721 किलोग्राम) का उपकरण ढो रहा है। यह करीब एक लाख 27 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा है।

error: Content is protected !!